—आदित्यपुर में रात करीब 10 बजे हुई वारदात, पीठ में गोली लगने से चिकित्सक गंभीर रूप से घायल; पुलिस ने लाइसेंसी पिस्तौल और दो खोखे किए बरामद
जमशेदपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद को लेकर पारिवारिक संघर्ष का मामला सामने आया है। गायत्री शिक्षा निकेतन परिसर स्थित आवास में बड़े भाई इंजीनियर सत्यप्रकाश सुधांशु ने कथित तौर पर अपने छोटे भाई और 111 सेव लाइफ नर्सिंग होम के संचालक डॉ. ओपी आनंद पर गोली चला दी। गोली चिकित्सक की पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। घायल डॉक्टर का इलाज जमशेदपुर के टिनप्लेट टाटा मेन हॉस्पिटल में चल रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
जिम से लौटते ही हुई फायरिंग
घायल डॉक्टर के अंगरक्षक अमित कुमार के अनुसार, डॉ. ओपी आनंद जिम से लौटकर अपने आवास पहुंचे थे। इसी दौरान उनके बड़े भाई सत्यप्रकाश सुधांशु पिस्तौल लेकर अचानक नीचे आए और छोटे भाई पर गोली चला दी। अंगरक्षक ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को तुरंत पीछे खींच लिया। इससे पहली गोली निशाने पर नहीं लगी, जबकि दूसरी गोली जमीन पर जा लगी। हालांकि, इस दौरान डॉ. आनंद को गोली लग गई।
बेटी ने बड़े पापा पर लगाया गोली चलाने का आरोप
डॉ. ओपी आनंद की बेटी आर्या आनंद ने बताया कि उनके बड़े पापा सत्यप्रकाश सुधांशु ने ही उनके पिता पर गोली चलाई। उनके मुताबिक, गोली चलाने के बाद आरोपी अपने कमरे में चले गए। आर्या ने बताया कि आरोपी के पास दो लाइसेंसी पिस्तौल हैं, जिनमें से एक उनके नाम पर और दूसरी उनकी पत्नी के नाम पर है। परिजनों ने पुलिस से मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
आरोपी गिरफ्तार, लाइसेंसी पिस्तौल बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के साथ आदित्यपुर और आरआईटी थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी सत्यप्रकाश सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया और उनकी निशानदेही पर फायरिंग में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद कर ली।
जाने-माने चिकित्सक हैं डॉ. ओपी आनंद
डॉ. ओपी आनंद क्षेत्र के जाने-माने चिकित्सक हैं और 111 सेव लाइफ नर्सिंग होम के संचालक के रूप में पहचाने जाते हैं। उनकी सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रियता रही है। वर्ष 2024 में उन्होंने पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में टेंपो चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा था। वहीं, आरोपी सत्यप्रकाश सुधांशु पेशे से इंजीनियर हैं।
पुलिस ने संपत्ति विवाद को बताया घटना की वजह
सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि संपत्ति विवाद को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई पर फायरिंग की। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्तौल बरामद कर ली गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।






