10 लाख लोगों की भीड़ जुटाने का दावा, लेकिन रामलीला मैदान में दिखे कुछ हजार लोग: संजय सेठ ने इंडिया गठबंधन की रैली को बताया फ्लॉप

Share

— बोले- जनता अब अराजकता नहीं, विकास की राजनीति चाहती है

रांची। राजधानी रांची में मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को आयोजित इंडिया गठबंधन की महारैली पर निशाना साधा। उन्होंने रैली को पूरी तरह ‘फ्लॉप’ बताते हुए कहा कि 10 लाख लोगों की भीड़ जुटाने के बड़े-बड़े दावों के बावजूद मैदान में केवल कुछ हजार लोग ही नजर आए।

‘रैली में खाली पड़ी थीं कुर्सियां’

संजय सेठ ने मीडियाकर्मियों का हवाला देते हुए कहा कि रैली के दौरान मैदान में बड़ी संख्या में कुर्सियां खाली पड़ी थीं। उनके मुताबिक, यह तस्वीर बताती है कि देश की जनता ने विपक्षी गठबंधन को नकार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल भीड़ के सहारे देश में अशांति और अराजकता फैलाना चाहते हैं। मंत्री ने कहा कि जनता अब विकास की राजनीति चाहती है।

विश्व बैंक की रिपोर्ट का किया जिक्र

केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में विश्व बैंक की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए दावा किया कि भारत में करीब 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालकर मध्यम वर्ग में शामिल किया गया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने दशकों तक शासन किया, लेकिन गरीबी हटाने के नाम पर केवल नारे दिए। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल्याणकारी योजनाओं के जरिए गरीबों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज, जनधन योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने यह भी दावा किया कि विश्व बैंक ने देश में साढ़े 13 करोड़ से अधिक नए रोजगार सृजित होने की बात स्वीकार की है।

राहुल गांधी पर भी किया तीखा हमला

संजय सेठ ने राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब उन्हें गंभीरता से नहीं लेती। उन्होंने राहुल गांधी को ‘झूठ बोलने और भारत का विरोध करने वाली मशीन’ करार दिया।

प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ विपक्षी नेताओं की बयानबाजी पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 25-26 वर्षों का राजनीतिक इतिहास बताता है कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के विकास के लिए कई कड़े फैसले लिए हैं और जनता का उन पर भरोसा कायम है।

2029 में दो-तिहाई बहुमत का जताया भरोसा

केंद्रीय मंत्री ने विश्वास जताया कि जनता के आशीर्वाद से वर्ष 2029 में एनडीए एक बार फिर दो-तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगा। उन्होंने कहा कि देश की जनता विकास और कल्याणकारी योजनाओं के आधार पर अपना फैसला करेगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30