‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, राहुल गांधी बोले- सत्ता में बैठे लोगों का भी होगा हिसाब

Share

— केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर विपक्ष का हमला, अखिलेश यादव, हेमंत सोरेन समेत कई नेताओं ने किया संबोधित

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में रविवार को ‘इंडिया’ गठबंधन की ओर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली आयोजित की गई। इसमें विपक्षी दलों के नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर चुनावों में वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को भी इसका हिसाब देना होगा। उन्होंने मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक के साथ 2024 के लोकसभा चुनाव में भी ईवीएम और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के जरिए चुनावी प्रक्रिया प्रभावित करने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर साधा निशाना

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को निशाने पर लिया। उन्होंने गृह मंत्री के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह कहीं नहीं जा सकते। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें पद से हटना होगा और जेल जाना पड़ेगा।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के सहयोग के बिना न तो नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन पाते और न ही अमित शाह गृह मंत्री बन पाते। हालांकि, उन्होंने कहा कि उनकी किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। उन्होंने अपने राजनीतिक दृष्टिकोण का जिक्र करते हुए कहा कि वे ‘मोहब्बत की दुकान’ चलाने वाले लोग हैं, लेकिन संविधान और नागरिकों के अधिकारों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अखिलेश यादव का अमित शाह के बयान पर पलटवार

महारैली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘अंगद के पैर’ वाले बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, “जो लोग अंगद का पैर जमाने की बात करते हैं, उन्हें समझना चाहिए कि जब जमीन ही नहीं बची है, तो पैर कहां रखेंगे?”

अखिलेश यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में एक लाख से अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि जनता इसका जवाब देगी।

संजय राउत बोले- लोकतंत्र बचाने की लड़ाई जारी रहेगी

शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने महारैली को ‘मेगा रैली’ बताते हुए कहा कि लोकतंत्र और देश को बचाने के लिए लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग भी उठाई।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई अन्य नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया। झारखंड से बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और टाना भगतों ने भी रैली में भागीदारी की।

महारैली से दिल्ली-हरियाणा सीमा पर यातायात प्रभावित

महारैली के कारण दिल्ली और हरियाणा की सीमा पर यातायात प्रभावित होने की खबर है। सोनीपत के कुंडली बॉर्डर से लेकर गुरुग्राम के सरहौल बॉर्डर और केजीपी-केएमपी जीरो पॉइंट तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कनॉट प्लेस की दुकानें बंद कराने का भी लगाया आरोप

राहुल गांधी ने भाजपा पर एक अन्य आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ताधारी दल के इशारे पर कनॉट प्लेस की सभी दुकानें जबरन बंद कराई गईं। उन्होंने दावा किया कि इससे स्थानीय व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30