—लोअर बाजार थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की कार्रवाई, छिनतई के दो मोबाइल फोन और एक ब्रेसलेट भी जब्त
रांची, 31 अक्टूबर। राजधानी रांची में चाकू का भय दिखाकर छिनतई करने के मामले में लोअर बाजार थाना पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अहमद तलहा उर्फ चरका और नाजिर अली के रूप में हुई है। दोनों लोअर बाजार थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके पास से छिनतई किए गए दो मोबाइल फोन, एक स्टील का चाकू और एक ब्रेसलेट बरामद किया है।
अनगड़ा निवासी युवक से की थी छिनतई
थाना प्रभारी लव कुमार ने बताया कि अनगड़ा निवासी अमित कुमार महतो को चाकू का भय दिखाकर आरोपितों ने छिनतई की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान उनका सामान छीनकर दोनों मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित ने लोअर बाजार थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपितों की पहचान
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजे गए
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने छिनतई की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनके पास से दो मोबाइल फोन, एक स्टील का चाकू और एक ब्रेसलेट बरामद किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।






