—रांची के कांके रिंग रोड और सीठियो इलाके में पुलिस की कार्रवाई, चार पिस्टल, आठ कारतूस, पांच मैगजीन और छह मोबाइल बरामद; हथियार सप्लाई करने वाला जियाउल हबीब भी गिरफ्तार
रांची, 31 अक्टूबर । राजधानी रांची में कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस की एक टीम के साथ मुठभेड़ भी हुई, जिसमें गिरोह का सदस्य सौरभ कुमार घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है और उसका इलाज राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में चल रहा है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से चार पिस्टल, 7.62 एमएम के आठ जिंदा कारतूस, पांच मैगजीन और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा अपराधियों के इस्तेमाल में लाई जा रही एक कार और पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
गुप्त सूचना पर कांके रिंग रोड में छापेमारी
नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा ने शनिवार को बताया कि 30 अक्टूबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ सदस्य कार से रिंग रोड इलाके में घूम रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने कांके रिंग रोड इलाके में संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार, कारतूस, मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आदित्य कुमार राम उर्फ कुंदन, मोहित पासवान, ऋषभ कुमार, गुड्डू मिश्रा, सौरभ कुमार और जियाउल हबीब के रूप में हुई है।
सीठियो में पुलिस टीम पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में सौरभ घायल
चार आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को गिरोह के एक अन्य सदस्य के सीठियो इलाके में मौजूद होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां छापेमारी की। इसी दौरान एक अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सौरभ कुमार के पैर में गोली लग गई। उसे तत्काल इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, कारतूस और मोबाइल फोन भी बरामद किया।
कई फायरिंग की घटनाओं में गिरोह का नाम आया सामने
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों का संबंध कांके, हजारीबाग के एके इंटरनेशनल होटल, उरीमारी और टंडवा में हुई फायरिंग की घटनाओं से सामने आया है। पुलिस के अनुसार, इन घटनाओं के जरिए अलग-अलग इलाकों में दहशत फैलाने की कोशिश की गई थी। इन मामलों में आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है।
हथियार सप्लाई करने वाला जियाउल हबीब भी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जियाउल हबीब गिरोह के सदस्यों को हथियार मुहैया कराता था। इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
कई आरोपितों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं मामले
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में जियाउल हबीब के खिलाफ तीन, आदित्य कुमार के खिलाफ एक, गुड्डू मिश्रा के खिलाफ चार, सौरभ कुमार के खिलाफ एक और ऋषभ कुमार के खिलाफ पहले से एक मामला विभिन्न थानों में दर्ज है। पुलिस गिरोह की अन्य गतिविधियों और आपराधिक घटनाओं में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।






