—2027 के विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने खोले पत्ते, माझा, दोआबा और मालवा की 40 सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी; सूची में चार महिला उम्मीदवारों को भी मिला स्थान
नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने शनिवार को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें सबसे प्रमुख नाम मुख्यमंत्री भगवंत मान का है, जिन्हें एक बार फिर धूरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने माझा, दोआबा और मालवा क्षेत्र की अलग-अलग सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार गुप्ता की ओर से जारी सूची में उम्मीदवारों के नाम के साथ उनके विधानसभा क्षेत्र का भी उल्लेख किया गया है। पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद इन नामों पर मुहर लगाई गई। पहली सूची में चार महिला उम्मीदवारों को भी जगह दी गई है। इनमें इंदरजीत कौर मान, संतोष कटारिया, डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा और बलजिंदर कौर शामिल हैं।
माझा और दोआबा क्षेत्र में इन उम्मीदवारों पर भरोसा
पार्टी ने बटाला से अमनशेर सिंह (शेरी कलसी), अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, अमृतसर दक्षिण से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, तरनतारन से हरमीत सिंह संधू और खेमकरण से सरवन सिंह धुन को उम्मीदवार बनाया है।
इसी तरह नकोदर से इंदरजीत कौर मान, करतारपुर से बलकार सिंह, दसूया से करमबीर सिंह घुम्मन, उर्मर से जसवीर सिंह राजा गिल, होशियारपुर से ब्रह्म शंकर शर्मा जिंपा, चब्बेवाल से ईशांक कुमार चब्बेवाल, गढ़शंकर से जय किशन सिंह रौड़ी और बलाचौर से संतोष कटारिया को टिकट दिया गया है।
मालवा और लुधियाना की सीटों पर भी प्रत्याशियों का ऐलान
मालवा क्षेत्र की सीटों पर भी पार्टी ने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। रूपनगर से दिनेश चड्ढा, एसएएस नगर से कुलवंत सिंह, फतेहगढ़ साहिब से लखबीर सिंह राय, अमलोह से गुरिंदर सिंह गैरी वड़िंग और समराला से जगतार सिंह दयालपुरा को मैदान में उतारा गया है।
लुधियाना पूर्वी से दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला, आत्म नगर से कुलवंत सिंह सिद्धू, लुधियाना केंद्रीय से अशोक प्रशार पप्पी, लुधियाना पश्चिम से संजीव अरोड़ा और लुधियाना उत्तर से चौधरी मदन लाल बग्गा को उम्मीदवार बनाया गया है। पायल सीट से मनविंदर सिंह ग्यासपुरा को टिकट दिया गया है।
मोगा से अमनदीप कौर, कोटकपूरा से कुलतार सिंह संधवां
पार्टी ने निहाल सिंह वाला से मनजीत सिंह बिलासपुर, बाघा पुराना से अमृतपाल सिंह सुखानंद, मोगा से डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा और धर्मकोट से देविंदर जीत सिंह लाडी ढोस को उम्मीदवार घोषित किया है।
इसके अलावा जलालाबाद से जगदीप कंबोज गोल्डी, फाजिल्का से नरिंदरपाल सिंह सावना, मुक्तसर से जगदीप सिंह काका बराड़, कोटकपूरा से कुलतार सिंह संधवां और जैतो से अमोलक सिंह चुनाव लड़ेंगे।
धूरी से भगवंत मान, पटियाला से अजीतपाल सिंह को टिकट
पहली सूची में तलवंडी साबो से बलजिंदर कौर, सरदूलगढ़ से गुरप्रीत सिंह बनावाली, भदौड़ से लभ सिंह उगोके, मेहल कलां से कुलवंत सिंह पंडोरी और अमरगढ़ से जसवंत सिंह गज्जन माजरा को उम्मीदवार बनाया गया है।
वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान धूरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि पटियाला से अजीतपाल सिंह कोहली को टिकट दिया गया है। इस तरह पार्टी ने कुल 40 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है।
2027 के चुनाव की तैयारी में जुटी पार्टी
पंजाब में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। आम आदमी पार्टी की पहली सूची जारी होने के साथ ही राज्य में चुनावी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। पार्टी ने चुनाव से काफी पहले उम्मीदवारों के नाम घोषित कर उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारी शुरू करने का अवसर दिया है।






