—151वीं जयंती पर केवड़िया पहुंचे प्रधानमंत्री, 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण
अहमदाबाद/नर्मदा, 31 अक्टूबर। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के केवड़िया स्थित एकतानगर में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सरदार पटेल की विशाल प्रतिमा पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल हुए और राष्ट्रीय एकता परेड में भी भाग लेंगे।
सरदार पटेल के योगदान को किया याद
जयंती समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने सरदार पटेल की प्रतिमा के समक्ष नमन कर राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनके योगदान को याद किया। समारोह के बाद उन्होंने 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
‘भारत पर्व’ का किया उद्घाटन
एकतानगर में प्रधानमंत्री ने ‘भारत पर्व’ का उद्घाटन किया और वहां लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 300 कलाकारों ने उनकी उपस्थिति में प्रसिद्ध कृति ‘आनंदमठ’ पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी। इसके बाद प्रधानमंत्री ने ‘एकता प्रकाश पर्व’ का भी अवलोकन किया।
नर्मदा महाआरती में हुए शामिल
प्रधानमंत्री नर्मदा घाट पर आयोजित नर्मदा महाआरती में भी शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में सहभागिता की। राष्ट्रीय एकता दिवस पर एकतानगर में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं प्रधानमंत्री
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर को दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने बनासकांठा के भीलड़ी में 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया था। इसके साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत किसानों के खातों में करीब 19 हजार करोड़ रुपये हस्तांतरित किए थे।






