—विशेष अभियानों में उत्कृष्ट योगदान के लिए आईजी, डीआईजी, डीएसपी से लेकर आरक्षी तक होंगे सम्मानित, गृह मंत्रालय ने जारी की सूची
रांची, 31 अक्टूबर । झारखंड के पुलिस महकमे के लिए गौरव की खबर है। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी और झारखंड जगुआर के महानिरीक्षक (आईजी) अनूप बिरथरे सहित राज्य के 28 पुलिस अधिकारियों और जवानों का चयन वर्ष 2026 के केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए किया गया है। इन सभी को विशेष अभियानों में उल्लेखनीय कार्य और योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची में आईजी, डीआईजी, डिप्टी कमांडेंट, डीएसपी, एसडीपीओ, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई), हवलदार और आरक्षी स्तर के अधिकारी एवं जवान शामिल हैं। सभी 28 पुलिसकर्मियों का चयन विशेष अभियान श्रेणी में किया गया है।
22 जनवरी से 30 जून तक के अभियानों में किया उत्कृष्ट कार्य
गृह मंत्रालय की सूची के अनुसार, चयनित अधिकारियों और जवानों ने 22 जनवरी से 30 जून 2026 के बीच संचालित विभिन्न विशेष अभियानों में अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन किया। उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें इस पदक के लिए चुना गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों में अनूप बिरथरे और इंद्रजीत महथा शामिल
पदक के लिए चयनित वरिष्ठ अधिकारियों में झारखंड जगुआर के आईजी अनूप बिरथरे, डीआईजी इंद्रजीत महथा और डिप्टी कमांडेंट मिथिलेश कुमार शामिल हैं। इनके अलावा डीएसपी ज्ञान रंजन, चंदन कुमार और प्रदीप कुमार तथा एसडीपीओ जयदीप लकड़ा को भी सम्मान के लिए चुना गया है।
इंस्पेक्टर स्तर पर रमेश मुर्मू, अमित रोशन कुल्लू और मनोरंजन प्रसाद सिंह का नाम सूची में शामिल है।
सब इंस्पेक्टर स्तर के 10 अधिकारी चयनित
सब इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों में अमृत केरकेट्टा, संदीप तिर्की, प्रभात कुमार महतो, गौतम राणा, दीनबंधु हांसदा, आकाश कुमार, पवन कुमार चौधरी, सैनिक समद, अमित कुमार पासवान और रोहित कुमार को पदक के लिए चयनित किया गया है।
एएसआई, हवलदार और आरक्षी भी होंगे सम्मानित
इसके अतिरिक्त सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) लोहरा मुंडा और माधव लाल टोप्पो, हवलदार जालिंद्र साहू तथा आरक्षी ऋषि रंजन, शिव कुमार महतो, फिरदौस अंसारी, राजकुमार महतो और मंगल सिंह हेम्ब्रम भी सम्मानित होने वालों में शामिल हैं।
उत्कृष्ट कार्य और पेशेवर दक्षता को मिलता है सम्मान
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक पुलिस और सुरक्षा बलों के अधिकारियों एवं जवानों को विशेष अभियानों सहित निर्धारित क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य और पेशेवर दक्षता के लिए प्रदान किया जाता है। इस सम्मान का उद्देश्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मियों के कार्यों को मान्यता देना और सुरक्षा बलों में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।






