कटिहार में अवैध खाद बिक्री की जांच करने पहुंचे बीडीओ से कथित मारपीट, 26 ग्राम सोने की चेन छीनने और पिस्तौल दिखाकर धमकी देने का आरोप

Share

—60 से 70 लोगों की भीड़ पर अधिकारियों को घेरने और हथियार दिखाकर धमकी देने का आरोप, 15 नामजद समेत करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत

कटिहार। बिहार के कटिहार जिले के अमदाबाद प्रखंड की वैदा पंचायत में अवैध खाद बिक्री की जांच करने पहुंचे प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रणबीर कुमार और स्वच्छता पर्यवेक्षक मोहम्मद जाकिर हुसैन के साथ कथित तौर पर मारपीट और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। बीडीओ ने अमदाबाद थाने में 15 नामजद और करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए लिखित शिकायत दी है। उन्होंने अपने गले से 26 ग्राम वजन की सोने की चेन छीनने का भी आरोप लगाया है।

गुप्त सूचना पर जांच करने पहुंचे थे बीडीओ

बीडीओ रणबीर कुमार के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में एक दुकान से मिलावटी खाद की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर वह स्वच्छता पर्यवेक्षक मोहम्मद जाकिर हुसैन, दो अंचल गार्ड और चालक के साथ जांच के लिए मौके पर पहुंचे।

वहां एक नवनिर्मित मकान में शटर बंद हिस्से के अंदर खाद रखी मिली। लाइसेंस से संबंधित अनियमितता की आशंका पर बीडीओ ने मौके की तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए। इसी दौरान दुकान के पास लोगों की भीड़ जुटने लगी।

भीड़ ने घेरा, स्वच्छता पर्यवेक्षक से मारपीट का आरोप

बीडीओ का आरोप है कि करीब 60 से 70 लोगों की भीड़ ने उन्हें और उनके सरकारी वाहन को घेर लिया। इस दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की की गई, जबकि स्वच्छता पर्यवेक्षक मोहम्मद जाकिर हुसैन के साथ मारपीट की गई। बीडीओ के मुताबिक, घटना से संबंधित वीडियो साक्ष्य पुलिस को सौंपे गए हैं।

मोबाइल छीनने की कोशिश और सोने की चेन गायब होने का आरोप

बीडीओ ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि भीड़ में शामिल लोगों ने उनका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की और उनके गले में पहनी 26 ग्राम वजन की सोने की चेन छीन ली। इसके अलावा, सरकारी वाहन के गेट और बोर्ड को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने देसी पिस्तौल लहराकर गोली मारने की धमकी दी और भविष्य में किसी अधिकारी को जांच के लिए नहीं आने की चेतावनी दी।

पुलिस को फोन कर मांगी मदद

रणबीर कुमार के अनुसार, घटना के दौरान उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और अमदाबाद थानाध्यक्ष को फोन पर सूचना दी। करीब आधे घंटे बाद एसआई मधुसूदन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद वह सुरक्षित वहां से निकल सके।

बीडीओ ने बताया कि उपलब्ध वीडियो के आधार पर 15 लोगों की पहचान की गई है। इसके बाद उन्होंने नामजद आरोपितों के साथ करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दी।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

अमदाबाद थानाध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल, अवैध खाद बिक्री की जांच के दौरान सरकारी अधिकारियों से कथित मारपीट, सोने की चेन छीनने और हथियार दिखाकर धमकी देने के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031