—मूसलाधार बारिश और जलभराव के कारण जिला प्रशासन का फैसला, नई तारीख की घोषणा अगले आदेश के बाद होगी
रामगढ़, 29 अक्टूबर। झारखंड के रामगढ़ जिले में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता यानी दौड़ परीक्षा गुरुवार को स्थगित कर दी गई। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव और लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण पैदा हुई प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परीक्षा को अगले आदेश तक स्थगित रखने की घोषणा की है।
अभ्यर्थियों से विचार-विमर्श के बाद लिया गया निर्णय
उपायुक्त ऋतुराज ने बताया कि गुरुवार को पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की दौड़ परीक्षा निर्धारित थी। हालांकि, खराब मौसम और परीक्षा स्थल पर जलभराव की स्थिति के कारण परीक्षा आयोजित करना चुनौतीपूर्ण हो गया था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परीक्षा स्थल पर मौजूद संबंधित अभ्यर्थियों के साथ विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद अभ्यर्थियों की सहमति से दौड़ परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
केवल पतरातू की महिला अभ्यर्थियों पर लागू होगा आदेश
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा स्थगित करने का फैसला केवल 29 अक्टूबर को पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों के लिए लागू होगा। रामगढ़ जिले के अन्य प्रखंडों की शारीरिक दक्षता परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी।
इसलिए अन्य प्रखंडों के अभ्यर्थियों को अपनी निर्धारित तिथि और कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा में शामिल होना होगा। प्रशासन ने उनसे अपील की है कि वे पतरातू प्रखंड की परीक्षा स्थगित होने की सूचना के आधार पर अपनी परीक्षा को लेकर कोई भ्रम न पालें।

नई तारीख की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर मिलेगी
पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की स्थगित दौड़ परीक्षा की नई तारीख की घोषणा अगले आदेश के बाद की जाएगी। जिला प्रशासन के अनुसार, परीक्षा से संबंधित अद्यतन सूचना रामगढ़ जिला प्रशासन की आधिकारिक एनआईसी वेबसाइट और आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यमों पर जारी की जाएगी।
प्रशासन ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और नई तारीख की जानकारी के लिए आधिकारिक माध्यमों पर नियमित नजर रखें।






