—सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से मुख्यमंत्री की मुलाकात, लॉजिस्टिक्स, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर और हरित ऊर्जा में निवेश पर चर्चा
लखनऊ, 28 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख विकास इंजन बनाने और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में सिंगापुर के उद्योगपतियों और निवेशकों के 14 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश में लॉजिस्टिक्स, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, हरित ऊर्जा, शहरी नियोजन और आतिथ्य जैसे क्षेत्रों में निवेश की इच्छा जताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर की आधुनिक तकनीक और उत्तर प्रदेश की आर्थिक क्षमता का मेल वैश्विक विकास की नई संभावनाएं खोलेगा। यह प्रतिनिधिमंडल फरवरी 2026 में मुख्यमंत्री की सिंगापुर यात्रा के बाद उत्तर प्रदेश के दौरे पर आया है।
‘सुरक्षा, स्थिरता और गति’ निवेश की प्राथमिकता
प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए योगी आदित्यनाथ ने आधुनिक सिंगापुर के निर्माता ली कुआन यू के विजन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि किसी देश की वैश्विक पहचान केवल उसके भौगोलिक आकार से नहीं, बल्कि उसकी दूरदृष्टि, कार्यक्षमता और संसाधनों के कुशल उपयोग से बनती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है। इसी तरह उत्तर प्रदेश भी अपनी पुरानी ‘बीमारू’ छवि से बाहर निकलकर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जीडीपी, वार्षिक बजट और प्रति व्यक्ति आय तीन गुना हुई है। उनके अनुसार, कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी भी तीन गुना बढ़ी है और राज्य बिना नया कर लगाए राजस्व अधिशेष की स्थिति बनाए हुए है।
योगी ने फरवरी में सिंगापुर यात्रा के दौरान वहां के राष्ट्रपति थर्मन षणमुगरत्नम और प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग से हुई मुलाकातों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान करीब 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर सहमति बनी थी।
उन्होंने कहा कि अब सरकार की प्राथमिकता निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारकर उत्पादन शुरू कराना है। ‘समझौता ज्ञापन से विनिर्माण’ और ‘भूमिपूजन से उत्पादन’ तक की प्रक्रिया में निवेशकों को आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।
जेवर एयरपोर्ट के पास ‘सिंगापुर सिटी’ विकसित करने का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल के सामने जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट समर्पित ‘सिंगापुर सिटी’ और हाईटेक औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने का प्रस्ताव रखा।
उन्होंने कहा कि पूर्वी और पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारों के संगम तथा एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जुड़ा यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के लिए उत्तर भारत का प्रमुख आपूर्ति शृंखला केंद्र बन सकता है।
योगी के अनुसार, उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश के लिए 75 हजार एकड़ से अधिक का भूमि बैंक उपलब्ध है और 27 एकीकृत विनिर्माण एवं लॉजिस्टिक्स क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं। प्रदेश के छह रक्षा औद्योगिक गलियारों को 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त होने की जानकारी भी उन्होंने दी।
छह प्रमुख क्षेत्रों में निवेश पर जोर
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के साथ साझेदारी को ठोस परिणामों तक पहुंचाने के लिए छह प्राथमिकता वाले






