पटना, 28 अक्टूबर । बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने बुधवार को नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित उदंतपुरी में सरदार पटेल मेमोरियल कॉलेज के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समाज और राज्य जितना शिक्षित होगा, उतना ही विकसित होगा। उन्होंने नई पीढ़ी से पूरी लगन और निष्ठा के साथ पढ़ाई करने की अपील की।
सरदार पटेल और कॉलेज के संस्थापक प्राचार्य को किया नमन
समारोह में पहुंचने पर नीतीश कुमार ने सबसे पहले सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने कॉलेज के संस्थापक प्राचार्य प्रो. राजेन्द्र प्रसाद की प्रतिमा का अनावरण किया।
इस अवसर पर उन्होंने नालंदा के सांसद निधि से निर्मित पुल और सड़क निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया। साथ ही नवनिर्मित वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन कोर्ट और नवीनीकृत विज्ञान खंड का भी लोकार्पण किया। नीतीश कुमार ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
बिहार के बच्चों को राज्य में ही बेहतर शिक्षा देने पर जोर
नीतीश कुमार ने कहा कि पिछले दो दशकों से बिहार के बच्चों को राज्य में ही बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं। इसके तहत शैक्षणिक आधारभूत संरचना का विकास, शिक्षकों की नियुक्ति, छात्रवृत्ति एवं प्रोत्साहन योजनाओं की शुरुआत और कौशल विकास जैसे कई कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार के बच्चों को अच्छी शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में जाने की मजबूरी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों में सुविधाओं का विस्तार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।
नालंदा की ज्ञान परंपरा को फिर मजबूत करने की जरूरत
पूर्व मुख्यमंत्री ने नालंदा की ऐतिहासिक शैक्षणिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि इस धरती ने पूरे विश्व को ज्ञान दिया है। अब इस गौरवशाली परंपरा को फिर से मजबूत करने की जरूरत है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सरदार पटेल की स्मृति में स्थापित यह कॉलेज आने वाले वर्षों में उनके आदर्शों और विचारों के अनुरूप नई उपलब्धियां हासिल करेगा और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
छात्र जीवन की मेहनत भविष्य की नींव : नीतीश कुमार
नीतीश कुमार ने नई पीढ़ी को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को यह समझना चाहिए कि शिक्षा ही समाज और राज्य के विकास का महत्वपूर्ण आधार है। छात्र जीवन में की गई मेहनत और सीखी गई बातें आगे चलकर उनके पूरे जीवन को दिशा देती हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पूरी लगन और निष्ठा के साथ अपनी पढ़ाई करनी चाहिए। इसके लिए परिवार से लेकर सरकार तक सभी को बच्चों की सहायता और प्रोत्साहन के लिए हरसंभव प्रयास करना चाहिए।
समारोह में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री श्रवण कुमार, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ, सांसद कौशलेन्द्र कुमार, बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव हरेन्द्र बहादुर सिंह, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. उपेन्द्र प्रसाद सिंह और कॉलेज के प्राचार्य डॉ. महेश प्रसाद सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






