कोटा, 17 अक्टूबर। राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। भोपाल से खाटूश्याम के दर्शन के लिए जा रही 25 से अधिक यात्रियों से भरी एक मिनी बस अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे नाले में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने पुलिस और बचाव दल के पहुंचने से पहले ही राहत कार्य शुरू कर दिया।
जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
सुबह छह बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब छह बजे सिमलिया थाना क्षेत्र में कराड़िया टोल से कुछ किलोमीटर दूर हुआ। टेम्पो ट्रैवलर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से राजस्थान के खाटूश्याम के दर्शन के लिए जा रहा था। बस में 25 से अधिक यात्री सवार थे। इनमें कई लोग मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के निवासी बताए गए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पुलिया से नीचे नाले में जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आगे की सीटों पर बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।
खिड़कियों के शीशे तोड़कर यात्रियों को निकाला
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़े गए। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए थे, जिन्हें निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल भी मौके पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल
कोटा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नीलेश जैन के अनुसार, हादसे में मृतकों और घायलों की पहचान कर ली गई है। मृतकों के रूप में अरुणा, वैष्णवी, त्रिशा, कृष्णा, अनिता, ओम सूर्यवंशी और राजू के नाम सामने आए हैं। बस चालक की भी मौत हो गई है। इस तरह हादसे में कुल आठ लोगों की जान गई।
घायलों में वंदिता, अजय गावंडे, वेदांत झरबड़े, मोहनिस झरबड़े, आकांक्षी झरबड़े, हेमलता गायकवाड़ और सारांश सहित अन्य यात्री शामिल बताए गए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
चालक को झपकी आने की आशंका
पुलिस अधिकारियों को प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई होगी। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।






