ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक घटना: रात में नूडल्स खाकर सोया परिवार, सुबह पति-पत्नी और तीन बच्चों समेत पांच की मौत, फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

Share

ग्रेटर नोएडा, 17 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित नगला पदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य रात में नूडल्स खाने के बाद सोए थे और सुबह बिस्तर पर मृत मिले। पुलिस प्रथम दृष्टया फूड पॉइजनिंग की आशंका जता रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

पति-पत्नी और तीन बच्चों की मौत

मृतकों की पहचान 37 वर्षीय महेश, उनकी पत्नी ललितेश (35) और उनके तीन बच्चों के रूप में हुई है। बच्चों में 11 वर्षीय बेटा लड्डू, सात वर्षीय बेटी मिष्टी और तीन वर्षीय बेटा साक्षात शामिल हैं।

बताया गया कि परिवार के सभी सदस्यों ने रात करीब 10 बजे मैगी नूडल्स खाए और फिर सोने चले गए। सुबह काफी देर तक उनके नहीं उठने पर लोगों को संदेह हुआ। जांच करने पर पांचों बिस्तर पर मृत मिले। घटना की खबर फैलते ही घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह रबूपुरा थाने को नगला पदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत की सूचना मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी, एंबुलेंस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण

पुलिस के मुताबिक, परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से मिली शुरुआती जानकारी में रात को नूडल्स खाने की बात सामने आई है। इसी आधार पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि मौत का कारण नूडल्स या कोई अन्य खाद्य पदार्थ था।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के नतीजों के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट होगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031