रांची, 14 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड में जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार, संस्कृति, विरासत और विकास से जुड़े मुद्दों पर राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया है। बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों की बैठक में प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल की मौजूदगी में प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के कल्याण और विकास के लिए किए गए प्रयासों को रेखांकित किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रस्ताव सदन के पटल पर रखा। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और विधायक पूर्णिमा साहू ने इसका अनुमोदन किया। इसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने हाथ उठाकर प्रस्ताव का समर्थन किया। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने किया।
भाषा, लोककला और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण पर जोर
प्रस्ताव में कहा गया कि जनजातीय समाज का विकास केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं होना चाहिए। उसकी भाषा, लोककला, लोकगीत, पारंपरिक ज्ञान, रीति-रिवाज और सामाजिक परंपराओं का संरक्षण भी विकास की प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके साथ ही जनजातीय युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, वन उपज आधारित आजीविका को प्रोत्साहित करने तथा जनजातीय बहुल क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जनजातीय समाज के विकास को प्राथमिकता : आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि देश के गरीबों, वंचितों और जनजातीय समाज की समस्याओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संवेदनशीलता के साथ समझा है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक जनजातीय समाज बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के पर्याप्त अवसरों से वंचित रहा।
साहू ने पूर्ववर्ती सरकारों पर जनजातीय समाज की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में समाज के सम्मान, अधिकार और विकास को प्राथमिकता देने के लिए अनेक पहल की गई हैं।
उन्होंने कहा कि गरीबों और वंचितों की सेवा प्रधानमंत्री के लिए केवल राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प है। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालने से लेकर प्रधानमंत्री के तौर पर देश का नेतृत्व करने तक उनका जोर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने पर रहा है।
जनजातीय गौरव और विरासत का संरक्षण जरूरी : गजेंद्र सिंह पटेल
भाजपा के प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि झारखंड के सर्वांगीण विकास के बिना विकसित भारत का सपना साकार नहीं हो सकता। प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध झारखंड जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं, संघर्ष और बलिदान की ऐतिहासिक भूमि भी है।
उन्होंने कहा कि जब तक जनजातीय समाज, गरीब, वंचित और ग्रामीण क्षेत्र विकास की मुख्यधारा में पूरी तरह सहभागी नहीं बनेंगे, तब तक विकसित भारत का संकल्प अधूरा रहेगा। आर्थिक संपन्नता, सामाजिक समरसता, सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण इसके महत्वपूर्ण आधार हैं।
पटेल ने कहा कि आर्थिक विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए युवाओं को रोजगार, किसानों और ग्रामीणों की आय बढ़ाने के अवसर तथा जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जरूरी है।
भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष का किया उल्लेख
पटेल ने भगवान बिरसा मुंडा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन जनजातीय स्वाभिमान, स्वतंत्रता, जल-जंगल-जमीन के अधिकार और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक है। उनकी विरासत झारखंड और पूरे देश के लिए प्रेरणा है।
उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा के संघर्ष से यह संदेश मिलता है कि समाज की पहचान, अधिकार और आत्मसम्मान की रक्षा सर्वोपरि है। झारखंड का विकास केवल एक राज्य की प्रगति नहीं, बल्कि विकसित भारत की आधारशिला है।

सेवा, सुशासन और संकल्प के 25 वर्ष : बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन को सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की उनकी यात्रा गरीबों, वंचितों, किसानों, युवाओं और जनजातीय समाज के जीवन में बदलाव लाने के संकल्प से जुड़ी है।
मरांडी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का संदेश है कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना होना चाहिए। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बुनियादी ढांचे, जनकल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा और सांस्कृतिक पहचान के क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के साथ सड़कों, राजमार्गों, पुलों और संपर्क सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया। मरांडी ने कहा कि पार्टी इन प्रयासों और योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाते हुए सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अन्य बैठकों में भी शामिल हुए प्रदेश प्रभारी
प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल पार्टी कार्यालय में आयोजित तीन अन्य बैठकों में भी शामिल हुए। इन बैठकों में परिचय सत्र के बाद उन्होंने उपस्थित सदस्यों को मार्गदर्शन दिया।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और मधु कोड़ा, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू और गीता कोड़ा, महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह, सांसद वीडी राम और ढुल्लू महतो तथा विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, मनोज यादव, सतेन्द्र नाथ तिवारी, प्रकाश राम और राज सिन्हा सहित पार्टी के अन्य नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।






