धनबाद कोर्ट परिसर में कुणाल साव को पकड़ने पहुंची आरपीएफ और अधिवक्ताओं में हाथापाई

Share

—आरोपित को हिरासत में लेने के दौरान बढ़ा विवाद, आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर के साथ मारपीट का आरोप; बार एसोसिएशन ने की कार्रवाई की मांग

धनबाद, 12 अक्टूबर । धनबाद कोर्ट परिसर में सोमवार को आरोपित कुणाल साव को हिरासत में लेने पहुंची रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की विशेष टीम और अधिवक्ताओं के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया। इस दौरान आरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर को धनबाद थाना ले गई। घटना से संबंधित एक वीडियो भी वायरल होने की बात कही जा रही है।

कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था कुणाल साव

अधिवक्ता संतोष सिंह के अनुसार, कुणाल साव कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था। इसी दौरान एक व्यक्ति अचानक चेंबर में पहुंचा और आरोपित को अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। इस बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

संतोष सिंह ने आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति ने अधिवक्ताओं के साथ हाथापाई की। इसके बाद अन्य अधिवक्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिससे विवाद और बढ़ गया।

आरपीएफ की टीम आरोपित को पकड़ने पहुंची थी

धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडे ने बताया कि आरपीएफ के महुदा पोस्ट के सब-इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह अपनी टीम के साथ कुणाल साव को पकड़ने धनबाद कोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपित और अधिवक्ताओं के साथ विवाद हुआ, जो हाथापाई में बदल गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर को अपने साथ धनबाद थाना ले आई।

बार एसोसिएशन ने की कार्रवाई की मांग

घटना के बाद बैंक मोड़, धनबाद, धनसार और भूली ओपी के प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी कोर्ट परिसर पहुंचे। धनबाद बार एसोसिएशन ने घटना पर नाराजगी जताते हुए संबंधित आरपीएफ सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

लिखित शिकायत मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई

धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडे ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, घटना को लेकर दोनों पक्षों के आरोपों और शिकायतों के आधार पर आगे की प्रक्रिया की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031