जमशेदपुर कैनरा बैंक सोना लूटकांड के तार चतरा से जुड़े, चार संदिग्ध हिरासत में; मुख्य आरोपी से कनेक्शन की जांच

Share

चतरा, 28 सितंबर । जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित कैनरा बैंक में दिनदहाड़े हुई करोड़ों रुपये की सोना और नकदी लूट की जांच के तार चतरा से जुड़ने की बात सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, चतरा पुलिस ने देर रात गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें दो संदिग्धों के जमशेदपुर लूटकांड के मुख्य आरोपित के लगातार संपर्क में रहने की जानकारी मिलने की बात कही जा रही है।

हालांकि, चतरा से चार संदिग्धों की हिरासत या गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है। चतरा पुलिस के वरीय अधिकारी भी इस कार्रवाई की जानकारी होने से इनकार कर रहे हैं। ऐसे में मामले की पूरी तस्वीर पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पूछताछ के बाद जमशेदपुर पुलिस को सौंपे जाने की बात

सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए संदिग्धों से चतरा पुलिस ने पूछताछ की। पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण इनपुट मिलने के बाद उन्हें आगे की जांच के लिए जमशेदपुर पुलिस को सौंपे जाने की बात सामने आई है।

पुलिस अब संदिग्धों से मिले इनपुट के आधार पर लूटकांड में शामिल अन्य लोगों और वारदात से जुड़े संभावित नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

24 मिनट में लूटे गए थे 23 किलो सोना और 43 लाख रुपये

गौरतलब है कि जमशेदपुर के व्यस्त गोलमुरी चौक के समीप स्थित कैनरा बैंक में पिछले गुरुवार को हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

बताया गया कि मूसलाधार बारिश के दौरान रेनकोट पहनकर पहुंचे पांच अपराधियों ने बैंक कर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बनाया। इसके बाद करीब 24 मिनट में आयरन चेस्टर और सेफ में रखे 600 पैकेट में लगभग 23 किलोग्राम सोना और 43 लाख रुपये नकद लूट लिए गए।

लूटे गए सोने की कीमत करीब 36 करोड़ रुपये आंकी गई है।

दो बाइक से फरार हुए थे अपराधी

वारदात को अंजाम देने के बाद पांचों अपराधी दो बाइक से फरार हो गए थे। घटना के बाद जमशेदपुर पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए करीब 20 अधिकारियों की एसआईटी गठित की और जिले की सीमाओं समेत अन्य स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी।

पुलिस ने लूटकांड में शामिल बताए जा रहे पांच अपराधियों की तस्वीरें भी जारी की हैं।

पांच आरोपितों पर दो-दो लाख का इनाम

जमशेदपुर पुलिस ने लूटकांड में शामिल पांच आरोपितों की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना के लिए प्रत्येक आरोपित पर दो-दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस अलग-अलग संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

ऐसे में चतरा में चार संदिग्धों को हिरासत में लिए जाने की सूचना को जांच की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं होने के कारण पुलिस जांच पूरी होने तक इसे सूत्रों की जानकारी के तौर पर ही देखा जा रहा है।

गिरोह के नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश

चतरा में हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ और जमशेदपुर पुलिस की आगे की जांच के बाद लूटकांड से जुड़े नेटवर्क और अन्य आरोपितों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस फिलहाल मामले की विभिन्न कड़ियों को जोड़ने और फरार अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930