धनबाद, 26 सितंबर। बाघमारा के रामकनाली ओपी क्षेत्र की झींझींपहाड़ी बस्ती में बूढ़ा बाबा मंदिर के समीप तालाब में नहाने के दौरान डूबी 12 वर्षीय शीतल कुमारी का शव करीब 20 घंटे बाद शनिवार को बरामद कर लिया गया। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरी बस्ती में मातम पसर गया।
रामकनाली ओपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
फुफेरी बहन के साथ तालाब में नहाने गई थी शीतल
जानकारी के अनुसार, झींझींपहाड़ी निवासी शीतल शुक्रवार शाम अपनी फुफेरी बहन के साथ तालाब में नहाने गई थी। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गई और डूब गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण तालाब के पास जुट गए और बच्ची की तलाश शुरू कर दी। पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई।
देर शाम तक गोताखोरों ने चलाया अभियान
सूचना मिलने के बाद तेतुलमारी से अनुभवी गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोरों ने देर शाम तक तालाब में शीतल की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अंधेरा बढ़ने के कारण तलाशी अभियान रोकना पड़ा।
इसके बाद शनिवार को बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो की पहल और उपायुक्त के निर्देश पर भटिंडा फॉल की रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची।
सघन तलाशी के बाद पानी से निकाला शव
रेस्क्यू टीम ने तालाब में सघन अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने शीतल का शव पानी से बाहर निकाल लिया। शव बरामद होते ही मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों को सहायता दिलाने का प्रयास
स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि गणेश महतो ने बताया कि मृत बच्ची के परिजनों को आपदा प्रबंधन के तहत मिलने वाली सहायता राशि दिलाने की प्रक्रिया में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।






