15 से 23 सितंबर तक होगा सुब्रतो कप नेशनल टूर्नामेंट, रविवार सुबह रवाना होगी टीम
किशनगंज, 12 सितंबर । सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में बिहार स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनी किशनगंज की टीम अब राष्ट्रीय स्तर पर जिले और बिहार का प्रतिनिधित्व करेगी। सुब्रतो कप नेशनल टूर्नामेंट का आयोजन 15 से 23 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किशनगंज की टीम रविवार सुबह रवाना होगी।
डीएम ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर बढ़ाया उत्साह
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले शनिवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार ने टीम के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी तैयारियों, प्रतियोगिता के अनुभव और राष्ट्रीय स्तर पर उनकी अपेक्षाओं की जानकारी ली।
डीएम ने खिलाड़ियों की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के साथ टीम की तैयारियों को लेकर भी चर्चा हुई।
आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ खेलने की सलाह
जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि किशनगंज की टीम ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। अब राष्ट्रीय स्तर पर भी पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करें।
उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और सुब्रतो कप जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरें। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम राष्ट्रीय स्तर पर किशनगंज के साथ-साथ बिहार का नाम भी रोशन करेगी।
हरसंभव सहयोग का भरोसा
जिलाधिकारी ने टीम को हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन का भरोसा दिलाया। साथ ही खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डीएम से मिले प्रोत्साहन के बाद खिलाड़ियों में खासा उत्साह और आत्मविश्वास नजर आया। किशनगंज की टीम के राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पहुंचने से जिले के खेल जगत में भी उत्साह का माहौल है।






