रिमिक्स फॉल में नहाने के दौरान डूबने से 20 वर्षीय छात्र की मौत, दोस्तों के साथ पार्टी मनाने पहुंचा था निलेश

Share

खूंटी, 12 सितंबर । रिमिक्स फॉल में शनिवार को नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र के बड़ा घाघरा निवासी छात्र निलेश कच्छप (20) की मौत हो गई। निलेश आठ-नौ दोस्तों के साथ शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे रिमिक्स फॉल में पार्टी मनाने पहुंचा था।

गहरे पानी में जाने से रोकने का किया गया प्रयास

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे निलेश नहाने के लिए पानी में उतरा। फॉल में तैनात कार्यकर्ताओं ने उसे गहरे पानी में जाने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।

नहाते-नहाते निलेश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देखकर उसके दोस्तों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।

लाइफ जैकेट पहनकर ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू

प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए गए लाइफ जैकेट पहनकर ग्रामीण पानी में उतरे और निलेश की तलाश शुरू की। घटना की सूचना मारंगहादा थाना पुलिस को भी दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी युगेश कुमार सिंह तीन अन्य पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ रिमिक्स फॉल पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया।

करीब दोपहर एक बजे निलेश को गहरे पानी से बाहर निकाला गया।

स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर ने मृत घोषित किया

रेस्क्यू के बाद पुलिस निलेश को तत्काल मारंगहादा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। वहां चिकित्सक डॉ. कुमार आलोक बिहारी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद रिमिक्स फॉल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, पर्यटकों को गहरे पानी में जाने से रोकने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम को लेकर और सतर्कता की जरूरत है।

छात्र की मौत की खबर मिलते ही उसके दोस्तों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930