पटना, 10 सितंबर । मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को मुंगेर के हवेली खड़गपुर स्थित गंगटा मोड़ पर आयोजित कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत अगस्त माह की पेंशन राशि 105.68 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की। प्रति लाभार्थी 1,100 रुपये की दर से कुल 1,233.87 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। इस बार योजना से 98,896 नए लाभार्थी जुड़े हैं।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान घोषणा की कि अब सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में प्रत्येक माह की 10 तारीख को डीबीटी के माध्यम से पेंशन की राशि हस्तांतरित की जाएगी।
105.68 लाख लाभार्थियों को मिली पेंशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के पात्र लोगों को बिना किसी भेदभाव के सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत लाभार्थियों को प्रतिमाह 1,100 रुपये दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अगस्त 2026 की पेंशन के रूप में 105.68 लाख लाभार्थियों के खातों में 1,233.87 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए हैं। निर्धारित समय पर पेंशन की राशि लाभार्थियों के खाते में पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से हर महीने की 10 तारीख पेंशन भुगतान के लिए निर्धारित की गई है।
गंगटा से कोहबरवा मोड़ तक सड़क का होगा चौड़ीकरण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-333 पर किलोमीटर 28.340 (गंगटा) से किलोमीटर 38.340 (कोहबरवा मोड़) तक सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का रिमोट के माध्यम से शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना का उद्देश्य सड़क को अधिक बेहतर, सुरक्षित और सुगम बनाना है। सड़क संपर्क बेहतर होने से मुंगेर, जमुई और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
13 जिले बाढ़ से प्रभावित
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के 13 जिले इस वर्ष बाढ़ से प्रभावित हुए हैं और 30 लाख से अधिक की आबादी पर इसका असर पड़ा है। राज्य सरकार की ओर से लगातार राहत एवं बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बक्सर से भागलपुर तक गंगा नदी के पानी के प्रबंधन को बेहतर करना जरूरी है। बक्सर से आगे भागलपुर तक गंगा की धारा काफी चौड़ी हो जाती है। इस समस्या का समाधान किए जाने से बाढ़ से राहत मिलने में मदद मिलेगी।
गंगा जल समझौते में बिहार के हित का मुद्दा
सम्राट चौधरी ने कहा कि बांग्लादेश के साथ हुए समझौते के तहत बिहार को गंगा नदी का पानी केवल जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर यानी चार महीनों में ही मिल पाता है।
उन्होंने कहा कि जल संधि में बिहार के हितों का ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि पूरे वर्ष गंगा के पानी का इस्तेमाल किया जा सके। बिहार को आवश्यकता के समय पानी उपलब्ध हो, इसके लिए फरक्का जल समझौते में आवश्यक प्रावधान शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा।
तीन महीने चलेगा स्वास्थ्य जांच अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक सितंबर से 30 नवंबर तक पूरे बिहार में स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत करीब साढ़े छह करोड़ लोगों की स्वास्थ्य जांच करने का लक्ष्य है। स्वास्थ्य जांच के बाद जरूरत के अनुसार इलाज की भी व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से सेवा संकल्प कायाकल्प अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत स्कूलों में आधारभूत संरचनाओं को बेहतर किया जाएगा। जिन स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय की सुविधा नहीं है, वहां शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।
इसी माह तारापुर और हवेली खड़गपुर में शुरू होगा कोर्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी महीने तारापुर और हवेली खड़गपुर में कोर्ट की शुरुआत की जाएगी। इससे स्थानीय लोगों को न्यायिक सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
150 करोड़ से विकसित होगा मुंगेर-जमुई वन क्षेत्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 150 करोड़ रुपये की परियोजना के तहत मुंगेर-जमुई वन क्षेत्र को विकसित किया जाएगा। भीम बांध के ऐतिहासिक और प्राकृतिक महत्व को देखते हुए क्षेत्र के जंगलों का विकास और सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भीम बांध क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की संरचनाएं विकसित करने के साथ जंगल में ट्रैकिंग, होटल और अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसका उद्देश्य देश-विदेश से पर्यटकों को आकर्षित करना और क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देना है।






