कानपुर में बड़ा विमान हादसा, गंगा किनारे क्रैश हुआ ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट; दो पायलटों की मौत

Share

कानपुर, 27 अगस्त। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार दोपहर गंगा किनारे नत्था पुरवा गांव के पास एक चार सीट वाला ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार इंस्ट्रक्टर पायलट सचिन भाटिया और ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी की मौत हो गई। हादसे की सूचना विमानन नियामक संस्था डीजीसीए को दे दी गई है।

उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्विन इंजन ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट ने गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे ट्रेनिंग सेंटर से उड़ान भरी थी। करीब 20 मिनट बाद विमान वापस लौट रहा था, इसी दौरान गंगा किनारे नत्था पुरवा गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हवा में उड़ते समय विमान से अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके बाद विमान तेजी से नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

गुजरात और कर्नाटक के थे दोनों पायलट

हादसे में जान गंवाने वाले पायलटों की पहचान गुजरात निवासी इंस्ट्रक्टर पायलट सचिन भाटिया और कर्नाटक निवासी ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, सचिन भाटिया अनुभवी पायलट थे और उन्हें करीब 3,000 घंटे विमान उड़ाने का अनुभव था।

मलबे से निकाले गए दूसरे पायलट ने भी दम तोड़ा

दुर्घटना के बाद विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर मलबे में तब्दील हो गया। हादसे में एक पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को मलबे से गंभीर हालत में बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। हालांकि, इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर लोगों को मलबे के पास जाने से रोक दिया।

डीजीसीए की टीम करेगी हादसे की जांच

कानपुर के पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के मुताबिक, हादसे की जानकारी डीजीसीए को दे दी गई है। दुर्घटना की जांच के लिए डीजीसीए की टीम कानपुर पहुंचेगी।

फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी हादसे की वजहों की जांच कर रहे हैं। विमान में तकनीकी खराबी आई थी या दुर्घटना के पीछे कोई अन्य कारण था, इसका पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031