भिंड सड़क हादसे में यूपी के 8 मजदूरों की मौत, 22 घायल; CM योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख मुआवजे का किया ऐलान

Share

लखीमपुर खीरी, 18 अगस्त । मध्य प्रदेश के भिंड जिले में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 22 मजदूर घायल हो गए। हादसा नेशनल हाईवे-719 पर गोहद क्षेत्र के छीमका गांव के पास हुआ। घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाईवे पर बैठे मवेशियों को बचाने के प्रयास में मजदूरों से भरी पिकअप के चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया। इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर से पिकअप की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप सवार कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

धान की रोपाई के बाद लौट रहे थे मजदूर

लखीमपुर खीरी की पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के अनुसार, जिले के मजदूर मध्य प्रदेश में धान की रोपाई के लिए गए थे। काम पूरा करने के बाद वे वाहन से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान भिंड जिले के छीमका गांव के पास उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे में घायल मजदूरों में हंसराय, सोमपाल, अखिलेश, विकास, रंजीत, अक्षय कुमार, करन सिंह, पिंकू, रामदास, अनूप, देवेंद्र, नंदलाल, आकाश, पवन, रमाकांत और अनिल सहित अन्य लोग शामिल हैं। अन्य घायलों की पहचान की जा रही है।

छह मृतकों की पहचान

पुलिस के अनुसार, मृतकों में उपदेश पुत्र मोहन, अमर सिंह पुत्र वंशीधर, सुखदेव पुत्र कंचन, रजनीश पुत्र कंचनलाल पासी निवासी बेला परसिया, गुड्डू पुत्र प्रहलाद पासी निवासी किशनपुर अजीत और सुभाष पुत्र कमलेश निवासी मोहम्मदी शामिल हैं। दो अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने अधिकारियों को मध्य प्रदेश सरकार के साथ समन्वय कर हादसे में जान गंवाने वाले उत्तर प्रदेश के नागरिकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जिले तक पहुंचाने और परिजनों को सौंपने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले उत्तर प्रदेश के प्रत्येक मृतक के परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031