रांची, 16 अगस्त । रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में रविवार को डूरंड कप के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में एससी दिल्ली ने शानदार वापसी करते हुए एफसी रैंगडाई को 5-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। मणिपुर की एफसी रैंगडाई ने पहले हाफ में बढ़त बनाई, लेकिन दूसरे हाफ में एससी दिल्ली ने लगातार गोल दागते हुए मुकाबला एकतरफा कर दिया।
पहले हाफ में रैंगडाई ने बनाई बढ़त
शाम चार बजे शुरू हुए मुकाबले में एफसी रैंगडाई ने नौवें मिनट में चोंगथाम किशन सिंह के शानदार लॉन्ग-रेंज शॉट की मदद से 1-0 की बढ़त हासिल की। शुरुआती गोल के बाद रैंगडाई ने एससी दिल्ली पर दबाव बनाए रखा।
एससी दिल्ली ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन रैंगडाई के गोलकीपर और रक्षापंक्ति ने उसके हमलों को नाकाम कर दिया। पहले हाफ की समाप्ति तक रैंगडाई 1-0 से आगे रही।
दूसरे हाफ में एससी दिल्ली की जोरदार वापसी
दूसरे हाफ में एससी दिल्ली ने पूरी तरह आक्रामक रुख अपनाया। 57वें मिनट में स्थानापन्न खिलाड़ी जोसेफ सनी ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके करीब 10 मिनट बाद 67वें मिनट में सनी ने अपना दूसरा गोल दागकर दिल्ली को 2-1 की बढ़त दिला दी।
इसके बाद एससी दिल्ली ने रैंगडाई को संभलने का मौका नहीं दिया और लगातार दबाव बनाए रखा। टीम ने तीसरा गोल कर बढ़त 3-1 की और इसके बाद दो और गोल दागकर मुकाबला 5-1 से अपने नाम कर लिया।
सेमीफाइनल में पहुंची एससी दिल्ली
इस जीत के साथ एससी दिल्ली ने डूरंड कप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। टूर्नामेंट के 135वें संस्करण में टीम की यह जीत खास रही, क्योंकि उसने पहले हाफ में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की।
राज्यपाल भी पहुंचे स्टेडियम
मुकाबला देखने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम पहुंचे। मैच से पहले तीन हेलिकॉप्टरों से सलामी दी गई। राज्यपाल ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।
क्वार्टर फाइनल मुकाबले को देखने के लिए स्टेडियम में बड़ी संख्या में खेलप्रेमी पहुंचे। पूरे मैच के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और स्टेडियम का माहौल फुटबॉलमय बना रहा।
ईस्ट बंगाल ने भी सेमीफाइनल में बनाई जगह
रविवार शाम कोलकाता में खेले गए दूसरे क्वार्टर फाइनल में ईस्ट बंगाल एफसी ने भारतीय सेना को 1-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस जीत के बाद सेमीफाइनल में एससी दिल्ली और ईस्ट बंगाल के बीच मुकाबला होगा।






