पटना, 15 अगस्त । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहली बार तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। अपने संबोधन में उन्होंने बिहार के विकास, महिला सुरक्षा, रोजगार, निवेश, किसानों, बुनियादी ढांचे और ऊर्जा क्षेत्र को लेकर कई घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सेवा, संकल्प और समर्पण के साथ विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। सरकार का लक्ष्य राज्य के हर नागरिक को समान अवसर और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार देना है।
30 दिनों में शिकायतों के समाधान पर जोर
सम्राट चौधरी ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए 30 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है। अब तक सहयोग शिविर में 6,46,181 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें करीब 95 प्रतिशत का निष्पादन किया जा चुका है।
लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई का भी उन्होंने उल्लेख किया। 17,773 को पहला नोटिस, 860 को दूसरा और 48 अधिकारियों-कर्मचारियों को तीसरा नोटिस दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पंचायतों के विकास की समीक्षा के लिए हर महीने के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस आयोजित किया जा रहा है।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘पुलिस दीदी’
मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि बिहार में फिलहाल 32,450 महिला पुलिसकर्मी कार्यरत हैं।
उन्होंने घोषणा की कि रक्षाबंधन से ‘पुलिस दीदी’ सेवा शुरू की जाएगी। स्कूल और कॉलेजों के आसपास महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए करीब 5,000 बाइक और स्कूटी उपलब्ध कराई गई हैं।
ERSS को मजबूत करने की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एंबुलेंस, अग्निशमन और पुलिस समेत आपातकालीन सेवाओं को एकीकृत किया गया है। पुलिस के करीब 10 मिनट में घटनास्थल पर पहुंचने की दिशा में काम किया जा रहा है।

नवंबर तक 5 लाख करोड़ के निजी निवेश का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बिहार में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन पर जोर देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य नवंबर तक 5 लाख करोड़ रुपये का निजी निवेश राज्य में लाना है।
उन्होंने बताया कि राज्य में 100 से अधिक औद्योगिक क्षेत्रों का विकास किया गया है और करीब 14,600 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। बिहार में उद्योग लगाने वाली कंपनियों से राज्य सरकार करीब 30 प्रतिशत सामान खरीदने की नीति पर भी काम कर रही है।
सम्राट चौधरी ने दावा किया कि एक ही दिन में पांच स्टील प्लांट के लिए 51 हजार करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
पांच नई चीनी मिलें होंगी स्थापित
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में अभी 10 चीनी मिलें चालू हैं और जल्द ही पांच और चीनी मिलें स्थापित की जाएंगी। उन्होंने इसे कृषि आधारित उद्योग और ग्रामीण रोजगार के लिए महत्वपूर्ण बताया।
4.25 लाख BPL परिवारों को मुफ्त सोलर पैनल
ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के 4 लाख 25 हजार बीपीएल परिवारों के घरों में मुफ्त सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इससे गरीब परिवारों के बिजली खर्च में राहत मिलने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि करीब 60 लाख किसानों को डिजिटल माध्यम से जोड़ा गया है। किसानों को उनके क्षेत्र के मौसम की जानकारी डिजिटल तरीके से उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे मौसम के अनुरूप खेती से जुड़े निर्णय ले सकें।

पटना-गया रैपिड रेल और 1 लाख करोड़ का इंफ्रास्ट्रक्चर
मुख्यमंत्री ने आने वाले पांच वर्षों में परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि रैपिड रेल के माध्यम से पटना से गया की दूरी करीब 30 मिनट में तय करने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने बिहार में करीब 1 लाख करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की योजना का भी उल्लेख किया। टाउनशिप में औद्योगिक हब और आधुनिक शहरी सुविधाएं विकसित करने की बात कही गई।
पताही एयरपोर्ट का काम इसी महीने शुरू
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट का काम इसी महीने शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार के गौरवशाली इतिहास को आधुनिक विकास के साथ जोड़ते हुए राज्य में व्यापक आधारभूत संरचना तैयार की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को उद्योग, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल और आधुनिक बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में आगे ले जाना है, ताकि विकास का लाभ राज्य के हर वर्ग तक पहुंच सके।






