पाकिस्तान के कराची में 14 अगस्त का जश्न पड़ा भारी, हवाई फायरिंग में महिला की मौत; 94 लोग घायल, 30 गिरफ्तार

Share

इस्लामाबाद, 14 अगस्त। पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सिंध प्रांत की राजधानी कराची में जश्न के दौरान हुई हवाई फायरिंग में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कम से कम 94 लोग घायल हो गए। घायलों में 10 महिलाएं और 17 बच्चे भी शामिल हैं। एधी फाउंडेशन के प्रवक्ता ने शुक्रवार सुबह इसकी पुष्टि की।

कई इलाकों में हुई हवाई फायरिंग

जानकारी के अनुसार, 14 अगस्त की शुरुआत होते ही कराची के कई इलाकों में लोगों ने सड़कों और छतों पर पहुंचकर स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया। इसी दौरान कुछ लोगों ने बंदूक और तमंचों से हवा में फायरिंग की।

लियारी, सदर, कोरंगी, मालिर, अजीजाबाद, नॉर्थ नाजिमाबाद, नाजिमाबाद, गुलबहार, गुलशन-ए-इकबाल, ओरंगी टाउन, जमशेद क्वार्टर्स और डिफेंस कॉलोनी समेत कई इलाकों में गोली चलने की घटनाएं सामने आईं।

अस्पतालों में पहुंचे दर्जनों घायल

घायलों को जिन्ना पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल सेंटर, सिविल अस्पताल और अब्बासी शहीद अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अब्बासी शहीद अस्पताल में 24 घायल पहुंचे, जिनमें एक महिला, चार बच्चे और 19 पुरुष शामिल थे। जिन्ना अस्पताल में 35 घायलों का इलाज किया गया, जिनमें तीन बच्चे, चार महिलाएं और 28 पुरुष थे। सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में 26 घायलों का उपचार किया गया।

महिला की गोली लगने से मौत, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, गोली लगने से घायल एक महिला की अब्बासी शहीद अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि आरोपी मृतका का चचेरा भाई है।

30 संदिग्ध गिरफ्तार

कराची पुलिस ने हवाई फायरिंग के मामलों में पूर्वी, पश्चिमी और मध्य जिलों से करीब 30 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इन्हें विभिन्न थाना क्षेत्रों से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, कई आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं।

पिछले वर्षों में भी हुईं ऐसी घटनाएं

कराची में स्वतंत्रता दिवस के दौरान हवाई फायरिंग की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। वर्ष 2025 में ऐसी घटनाओं में तीन लोगों की मौत हुई थी और कम से कम 75 लोग घायल हुए थे। वहीं 2024 में स्वतंत्रता दिवस के जश्न के दौरान हवाई फायरिंग में करीब 95 लोग घायल हुए थे।

शहबाज शरीफ ने दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई

इस बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी। इस्लामाबाद में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश अपनी संस्थापक पीढ़ी के बलिदानों को याद कर रहा है।

शहबाज शरीफ ने पानी के मुद्दे को पाकिस्तान के लिए बेहद संवेदनशील बताते हुए कहा कि अगर भारत ने पानी के मामले में कोई गड़बड़ी की तो पाकिस्तान इसका मुंहतोड़ जवाब देगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता युवा पीढ़ी को विकास के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031