रांची, 08 अगस्त — झारखंड आदिवासी महोत्सव के आयोजन को लेकर राजधानी रांची में 9 और 10 अगस्त को विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। खासकर 9 अगस्त को होने वाले जतरा कार्यक्रम के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन और पार्किंग को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध
यातायात पुलिस के अनुसार 9 अगस्त को सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से एसएसपी आवास मोड़ और एसएसपी आवास से बापू वाटिका होते हुए मोरहाबादी तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। लोगों को इन मार्गों से बचते हुए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने की संभावना
यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि जतरा कार्यक्रम में खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़ और रांची के आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के वाहन पहुंचने की संभावना है। इसके कारण मोरहाबादी और आसपास के इलाकों में यातायात दबाव बढ़ सकता है।
विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान, मोरहाबादी को प्रमुख पार्किंग स्थल बनाया गया है। इसके अलावा शहर के विभिन्न हिस्सों से आने वाले वाहनों को न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, रेडियम चौक, एसएसपी आवास चौक, रणधीर वर्मा चौक, एटीआई मोड़ और यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान में पार्क करने की व्यवस्था की गई है।
बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए अलग व्यवस्था
बोड़ेयो रोड की ओर से आने वाले वाहनों के लिए टीआरओआई मैदान (मंदिर मैदान) में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं टाटीसिलवे, खेलगांव, बूटी मोड़, रिम्स और बरियातू की ओर से आने वाले वाहनों को डीआईजी मैदान, बरियातू में पार्क करने की सलाह दी गई है।
जरूरत पड़ने पर किया जा सकता है डायवर्जन
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्थिति के अनुसार अन्य मार्गों पर भी अस्थायी रूप से वाहनों को डायवर्ट या रोका जा सकता है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
लोगों से अपील, यात्रा पहले करें प्लान
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 9 अगस्त को जेल चौक से करमटोली चौक होते हुए एसएसपी आवास और मोरहाबादी क्षेत्र के आसपास चारपहिया वाहनों का उपयोग न करें। अत्यावश्यक स्थिति में ही इन मार्गों पर वाहन लेकर जाने की सलाह दी गई है।
लोगों से यह भी कहा गया है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक प्रतिबंध, पार्किंग व्यवस्था और संभावित डायवर्जन को ध्यान में रखते हुए अपनी योजना बनाएं, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।







