मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नासरीगंज-पानापुर के बीच निःशुल्क स्टीमर फेरी सेवा का किया शुभारंभ, दियारा क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत

Share

पटना, 04 अगस्त । बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को दानापुर स्थित नासरीगंज घाट से पानापुर घाट के बीच निःशुल्क स्टीमर (फेरी) सेवा का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया। इस सेवा के शुरू होने से गंगा पार आवागमन करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

स्टीमर सेवा से आवागमन होगा आसान
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने मुख्यमंत्री को फेरी सेवा से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने स्टीमर का निरीक्षण किया और उसमें सवार यात्रियों से मुलाकात भी की। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि यह फेरी सेवा पूरी तरह निःशुल्क है।

दियारा क्षेत्र के लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
स्टीमर सेवा शुरू होने से दानापुर प्रखंड के दियारा क्षेत्र के लोगों को गंगा पार आने-जाने में काफी सहूलियत होगी। विशेष रूप से सब्जी-फल, दुग्ध उत्पादकों और किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, जिससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

छह पंचायतों को होगा फायदा
इस फेरी सेवा का लाभ दियारा क्षेत्र की छह ग्राम पंचायतों—पुरानी पानापुर, मानस, कासिमचक, हेतनपुर, गंगहारा और पतलापुर—के लोगों को सीधे तौर पर मिलेगा। मानसून के दौरान यह सेवा क्षेत्रवासियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।

मानसून में पीपा पुल हटने से होती थी परेशानी
गंगा नदी पर दियारा क्षेत्र को जोड़ने वाला पीपा पुल सामान्यतः नवंबर से 15 जून तक संचालित होता है। इसके बाद मानसून के दौरान पुल हटा लिया जाता है, जिससे लोगों को नदी पार करने में जोखिम और कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में स्टीमर सेवा एक सुरक्षित और सुगम विकल्प प्रदान करेगी।

शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मिलेगा लाभ
दियारा क्षेत्र में वर्तमान में 58 विद्यालय, 95 आंगनबाड़ी केंद्र, 3 स्वास्थ्य उपकेंद्र और पंचायत कार्यालय संचालित हैं। इस सेवा के शुरू होने से शिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं और अन्य कर्मियों को अपने कार्यस्थलों तक पहुंचने में सुविधा होगी।

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधान पार्षद अनामिका सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930