विश्व जनसंख्या दिवस पर स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा ऐलान, हर जिले में विकसित होंगे मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल

Share

रांची: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जनसंख्या किसी भी राज्य के लिए बोझ नहीं, बल्कि उसकी सबसे बड़ी पूंजी और जनशक्ति होती है। उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान जनसंख्या नहीं, बल्कि जनशक्ति के रूप में स्थापित होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनसंख्या तभी राज्य की वास्तविक ताकत बन सकती है, जब प्रत्येक नागरिक स्वस्थ, शिक्षित, कुशल और आत्मनिर्भर हो। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार जनस्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है।

सभी जिलों में बनेंगे मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल

स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि राज्य के सभी जिलों में गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए अत्याधुनिक मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल विकसित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इन अस्पतालों में सुरक्षित प्रसव, नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल, महिलाओं के लिए विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं तथा आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी और बेहतर इलाज के लिए महिलाओं को दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

युवा शक्ति बनेगी विकास की आधारशिला

डॉ. अंसारी ने कहा कि झारखंड एक युवा राज्य है और यहां की युवा आबादी राज्य के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवाओं को बेहतर स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं तो राज्य विकास के नए आयाम स्थापित कर सकता है।

उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।

परिवार कल्याण पर दिया जोर

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि परिवार कल्याण कार्यक्रम का उद्देश्य केवल जनसंख्या नियंत्रण नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार को स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध बनाना है।

उन्होंने बताया कि इसके लिए जनजागरूकता बढ़ाने, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और परिवार नियोजन संबंधी सुविधाओं का विस्तार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य सेवाओं का होगा विस्तार

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, जिला अस्पतालों का सुदृढ़ीकरण, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को उसके जिले के निकट ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

स्वस्थ समाज बनाने की अपील

कार्यक्रम में जनसंख्या स्थिरीकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से परिवार नियोजन अपनाने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के मिशन निदेशक शशि प्रकाश झा, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, सहिया बहनें तथा विभिन्न जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031