किशनगंज में मां की ममता हुई शर्मसार, 2 लाख रुपये के लालच में 12 वर्षीय बेटी का कर दिया सौदा; आरोपी मां गिरफ्तार

Share

किशनगंज। जिले के बहादुरगंज थाना क्षेत्र में एक मां द्वारा अपनी 12 वर्षीय नाबालिग बेटी को दो लाख रुपये में बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

मामले के खुलासे के करीब एक माह बाद पुलिस ने बुधवार को आरोपी मां को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। वहीं, मुख्य आरोपी अमित राय और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

जानकारी के अनुसार, 9 जनवरी को आरोपी महिला ने मोतिहारी जिले के ढाका थाना क्षेत्र के नरकटिया गांव निवासी अमित राय को अपनी बेटी सौंप दी थी। आरोप है कि रुपये के लालच में महिला ने अपनी नाबालिग बेटी का सौदा कर दिया। इसके बाद अमित राय बच्ची को अपने साथ मोतिहारी ले गया, जहां उसे करीब पांच माह तक एक किराये के मकान में बंधक बनाकर रखा गया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इस दौरान आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। एक दिन आरोपी का मोबाइल फोन उसकी जेब से गिर गया।

मौका पाकर पीड़िता ने उसी रात अपने पिता को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। बेटी का फोन मिलने के बाद पिता तत्काल मोतिहारी पहुंचे। पहले उन्होंने आरोपी के घर जाकर बेटी को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर भगा दिया।

इसके बाद उन्होंने स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की मदद से पीड़िता को मुक्त कराया गया और सुरक्षित घर लाया गया। घर लौटने के बाद पीड़िता अपने पिता के साथ महिला थाना पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी मां, अमित राय समेत कुल नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

मामले की जांच कर रही एसआई सिमरन भारती ने बताया कि पूछताछ के दौरान महिला ने पैसों के लालच में बेटी को बेचने की बात स्वीकार की है। सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद आरोपी मां को जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अमित राय और उसके अन्य साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031