भाजपा ने बंद को बताया जनता के आक्रोश की आवाज
रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने जमशेदपुर और आदित्यपुर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में आयोजित बंद को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इसे जनता का अभूतपूर्व और स्वत:स्फूर्त समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि यह बंद केवल भाजपा का आंदोलन नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था को लेकर आम लोगों के आक्रोश की अभिव्यक्ति है।
व्यापारियों से लेकर आम लोगों ने दिया समर्थन
रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बाउरी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आह्वान पर हुए बंद में व्यापारिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक इकाइयों, ठेला-खोमचा संचालकों और समाज के विभिन्न वर्गों ने स्वेच्छा से भागीदारी निभाई। उन्होंने कहा कि जनता ने सरकार के खिलाफ स्पष्ट संदेश दिया है और अब सरकार को कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
सरकार मुद्दे से ध्यान भटका रही : भाजपा
अमर बाउरी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार और सत्ता पक्ष से जुड़े लोग इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग देकर वास्तविक मुद्दे से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर की घटना और उसमें पुलिस की भूमिका की जिम्मेदारी सरकार की है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, न कि मामले को दूसरी दिशा देने का प्रयास किया जाए।
2019 के बाद बिगड़ी कानून-व्यवस्था का आरोप
भाजपा नेता ने दावा किया कि वर्ष 2019 में हेमंत सरकार बनने के बाद से राज्य की कानून-व्यवस्था लगातार कमजोर हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों की नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं, अवैध कारोबार को संरक्षण और पुलिस तंत्र के दुरुपयोग से जनता का भरोसा पुलिस पर कम हुआ है।
नशे के कारोबार पर सरकार को घेरा
बाउरी ने आरोप लगाया कि जमशेदपुर में ड्रग्स और ब्राउन शुगर का अवैध कारोबार तेजी से बढ़ा है, लेकिन सरकार इसे रोकने में विफल रही है। उन्होंने पूरे राज्य में नशे के नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग
भाजपा महामंत्री ने कहा कि जमशेदपुर की घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि पुलिस ने अपने कर्तव्य के निर्वहन में लापरवाही बरती और घायल युवक को समय पर उचित उपचार नहीं मिल सका।
जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
अमर बाउरी ने राज्य सरकार से कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने और प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
प्रेसवार्ता में ये नेता रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो, दीनदयाल बरनवाल और रविनाथ किशोर भी उपस्थित रहे।






