प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद अंतिम संस्कार को राजी हुए हिमांशु सिंह के परिजन

Share

ढाई दिन बाद खत्म हुआ गतिरोध, आरोपितों की गिरफ्तारी और सरकारी नौकरी समेत कई मांगों पर प्रशासन ने दिया भरोसा

जमशेदपुर: डबल डाउन हत्याकांड में मारे गए हिमांशु सिंह के अंतिम संस्कार को लेकर पिछले ढाई दिनों से जारी गतिरोध बुधवार को प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा के साथ हुई लंबी वार्ता के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए। इसके बाद परिवार शव लेने टीएमएच पहुंचा और देर शाम अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी गई।

परिजनों ने रखीं ये प्रमुख मांगें

वार्ता के दौरान परिजनों ने सभी नामजद आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच, मृतक की पत्नी ऋचा सिंह को सरकारी नौकरी तथा मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग दोहराई।

प्रशासन ने दिया लिखित आश्वासन

प्रशासन ने लिखित रूप से आश्वासन दिया कि ऋचा सिंह को उनकी योग्यता के अनुरूप सरकारी नौकरी दिलाने के लिए राज्य सरकार को अनुशंसा भेजी जाएगी। साथ ही, मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

तीन आरोपित गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

अधिकारियों ने बताया कि अब तक इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कानून के अनुसार सजा दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में बनी सहमति

बुधवार सुबह से आदित्यपुर स्थित आवास पर चली वार्ता में धालभूम के एसडीएम अर्नव मिश्रा, जमशेदपुर के सिटी एसपी ललित मोहन मीणा, ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल सहित पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। कई दौर की बातचीत और प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही गतिरोध समाप्त हुआ।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31