रामपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रामपुर में 690 करोड़ रुपये की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित जनसभा में उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “राम भक्तों पर गोली चलवाने वाले आज आस्था की दुहाई दे रहे हैं। ऐसे लोगों को शर्म आनी चाहिए।”
690 करोड़ की 102 विकास परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि करीब 690 करोड़ रुपये की लागत वाली 102 विकास परियोजनाएं मुख्य रूप से मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि रामपुर भगवान महाकालेश्वर महादेव, ओम नागेश्वर महादेव, कोसी मंदिर और मां बाला सुंदरी जैसे प्रमुख आस्था केंद्रों की भूमि है और सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है।
‘2017 से पहले विकास कुछ परिवारों तक सीमित था’
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में विकास कुछ परिवारों तक सीमित था, जबकि भाजपा की डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
उन्होंने कहा कि पहले रामपुर में गरीबों, विशेषकर वाल्मीकि समाज की जमीनों पर कब्जे किए जाते थे, लेकिन जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से ऐसे शासन को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
सपा पर साधा निशाना, कहा- दो परिवारों का ही हुआ विकास
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में केवल दो परिवारों का विकास हुआ—एक सैफई का परिवार और दूसरा रामपुर का एक परिवार। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में प्रदेश की विरासत का अपमान हुआ और बहन-बेटियों की सुरक्षा से भी समझौता किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय कांवड़ यात्रा को रोकने की बातें होती थीं और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आयोजनों पर भी प्रतिबंध लगाया गया था।
‘उत्तर प्रदेश आज देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था’
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेज गति से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। प्रदेश रोजगार सृजन, किसानों को अनुदान, खाद्यान्न, दुग्ध, चीनी और एथेनॉल उत्पादन जैसे क्षेत्रों में अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना चुका है।
उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश अधिकांश मानकों पर सबसे पीछे था, जबकि आज कई क्षेत्रों में पहले या दूसरे स्थान पर पहुंच चुका है।
शिक्षा और बुनियादी ढांचे पर सरकार का फोकस
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जहां डिग्री कॉलेज, पॉलिटेक्निक और आईटीआई की जरूरत है, वहां नए शिक्षण संस्थान खोले जा रहे हैं। वहीं, पुराने विद्यालयों को प्रोजेक्ट अलंकार और ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।
कल्याणकारी योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीबों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लोगों को मुफ्त इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने, बेहतर सड़क, पुल और आधारभूत ढांचे के विस्तार सहित विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने विकास के लिए सही जनप्रतिनिधियों को चुना है, इसलिए आज विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं और योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं रामपुर के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह, कृषि शिक्षा मंत्री बलदेव सिंह औलख, सदर विधायक आकाश सक्सेना, विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, जिला संगठन प्रभारी राजा वर्मा, पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल, भाजपा रामपुर जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार, जिला महामंत्री अर्जुन रस्तोगी सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।






