डीडी बार हत्याकांड: पीड़ित परिवारों से मिले कुणाल षाडंगी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने फोन पर दिया न्याय का भरोसा

Share

जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित डीडी (डबल डाउन) बार में करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या और प्रत्युष कुमार पर हुए जानलेवा हमले के बाद पूरे शहर में आक्रोश का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता और पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी ने आदित्यपुर स्थित हिमांशु सिंह के आवास पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने घायल प्रत्युष कुमार के परिवार से भी भेंट कर घटना की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने दिया निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा

मुलाकात के दौरान कुणाल षाडंगी ने दोनों परिवारों की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फोन पर बातचीत कराई। मुख्यमंत्री ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस पूरे मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराने, सभी आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा घायल प्रत्युष कुमार के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।

डीजीपी ने पुलिस की जवाबदेही तय करने की कही बात

इस दौरान राज्य की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने भी दोनों परिवारों से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी स्तर पर पुलिस की लापरवाही या जिम्मेदारी सामने आती है तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपराध में शामिल किसी भी आरोपित को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।

मामले को लेकर बढ़ रहा जनाक्रोश

डीडी बार हत्याकांड को लेकर शहर में लगातार जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की सक्रियता के बीच मामला अब राज्य सरकार के सर्वोच्च स्तर तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, जांच में दोषी पाए जाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ निलंबन, बर्खास्तगी अथवा आपराधिक मुकदमा दर्ज करने जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जा सकती है।

पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन

कुणाल षाडंगी ने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि सरकार उन्हें न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन, पार्टी नेता प्रमोद लाल सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031