सीवान में पुलिस पर हमला: 9 गिरफ्तार, थानाध्यक्ष निलंबित; नए SHO की तैनाती

Share

सीवान, 29 जून। दरौली थाना क्षेत्र के टोका नारायणपुर गांव में पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में सीवान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस घटना में शामिल नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं लापरवाही के आरोप में तत्कालीन थानाध्यक्ष विवेक कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उनकी जगह पुलिस निरीक्षक अभिनव कुमार दूबे को नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।

हादसे के बाद भड़की हिंसा

पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि 28 जून को अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर एक व्यक्ति को कुचलते हुए फरार हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इसी दौरान उग्र ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और सड़क जाम कर दी।

पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल

घटना के दौरान हुए पथराव में कॉन्स्टेबल अभिषेक कुमार और चंदन कुमार घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली स्थिति

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर सड़क जाम खत्म कराया। इसके बाद आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

रातभर छापेमारी, 9 आरोपी गिरफ्तार

एसडीपीओ गौरी कुमारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर रातभर छापेमारी कर नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें आठ पुरुष और एक महिला शामिल हैं।

अवैध बालू लदा था ट्रैक्टर

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर पर सफेद बालू अवैध रूप से नदी घाट से लाया जा रहा था। घटना के बाद चालक फरार हो गया। जब्त ट्रैक्टर पर कोई पंजीकरण संख्या नहीं मिली है।

वाहन मालिक की तलाश जारी

पुलिस इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर ट्रैक्टर के मालिक की पहचान करने में जुटी है। एसपी ने संकेत दिए हैं कि इस मामले में कुछ और पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031