बेतिया: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में निगरानी विभाग की टीम ने अंचल कार्यालय के RTPS काउंटर पर तैनात एक क्लर्क को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
छह महीने से कर रहा था रिश्वत की मांग
गिरफ्तार क्लर्क की पहचान राजकुमार मिश्रा के रूप में हुई है, जो चनपटिया थाना क्षेत्र के पकड़िहार गांव का निवासी है। आरोप है कि वह जमाबंदी अनलॉक कराने के नाम पर आवेदक बालेश्वर कुमार से 15 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
शिकायतकर्ता के अनुसार, पिछले करीब छह महीनों से उससे लगातार रिश्वत मांगी जा रही थी।
निगरानी विभाग ने बिछाया जाल
पीड़ित ने परेशान होकर मामले की शिकायत निगरानी विभाग से की। शिकायत मिलने के बाद विभाग ने सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर कार्रवाई की और क्लर्क को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस
गिरफ्तारी के बाद आरोपित को निगरानी विभाग की टीम अपने साथ ले गई और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
निगरानी डीएसपी श्याम बाबू कुमार ने बताया कि आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।






