Welcome to the Jungle का बहुप्रतीक्षित गाना ‘घिस घिस घिस’ रिलीज हो गया है। इस भोजपुरी ट्रैक में Akshay Kumar के साथ भोजपुरी सिनेमा की स्टार Akshara Singh नजर आ रही हैं। गाने की रिलीज के बाद अक्षरा सिंह ने इसके पीछे की कहानी, अक्षय कुमार के साथ काम करने का अनुभव और अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर खुलकर बातचीत की।
ऐसे हुई ‘घिस घिस घिस’ में एंट्री
अक्षरा सिंह बताती हैं कि फिल्म के निर्माता Ahmed Khan और कोरियोग्राफर Ganesh Acharya का कॉल उनके पास आया था। उन्हें बताया गया कि फिल्म का इंट्रो सॉन्ग है और इसमें अक्षय कुमार भी होंगे।
अक्षरा कहती हैं, “जैसे ही पता चला कि अक्षय सर इस गाने का हिस्सा होंगे, मेरी खुशी दोगुनी हो गई। उनके गानों पर बचपन से डांस किया है। फिर जब पता चला कि यह भोजपुरी गाना है, तो मेरे लिए यह और भी खास हो गया। इतनी बड़ी फिल्म में अपनी भाषा का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात है।”
अक्षय कुमार को सिखाई भोजपुरी
गाने की शूटिंग एक दिन में पूरी हुई। अक्षरा के मुताबिक सेट पर माहौल बेहद सहज था और अक्षय कुमार ने उन्हें खूब सहज महसूस कराया।
उन्होंने बताया, “मैंने अक्षय सर को भोजपुरी बोलने में मदद की। गाने की कुछ लाइनों का मतलब वह मुझसे पूछते थे। पहले मुझे बोलकर सुनाने को कहते, फिर उसी अंदाज में खुद बोलते थे। उन्होंने कहा कि भोजपुरी में गाना गाकर उन्हें बहुत मजा आया।”
अक्षरा के मुताबिक उन्हें पूरा भरोसा था कि यह गाना दर्शकों को पसंद आएगा, क्योंकि भोजपुरी गानों की ऊर्जा ही ऐसी होती है कि लोग खुद-ब-खुद झूमने लगते हैं।
अक्षय कुमार ने घर पर खाने के लिए बुलाया
अक्षरा सिंह ने बताया कि शूटिंग के बाद भी अक्षय कुमार का अपनापन बना रहा। हाल ही में गाने के प्रमोशन के लिए रील शूट के दौरान उन्होंने उन्हें अपने घर खाने पर बुलाया।
अक्षरा ने कहा, “अक्षय सर ने रागी की रोटी, गुड़ और पालक खिलाया। मैंने उनसे कहा कि रोटी-गुड़ खाकर तो हम बड़े हुए हैं। इस पर उन्होंने हंसते हुए कहा— क्या मैं इंसान नहीं हूं, मैं भी यही सब खाता हूं। बातचीत में उन्होंने मुझे टैलेंटेड कहा, जो मेरे लिए बहुत खास पल था।”
भोजपुरी रियलिटी शो को किया मना
अक्षरा ने बातचीत में खुलासा किया कि उन्होंने एक भोजपुरी रियलिटी शो का ऑफर ठुकरा दिया।
उनका कहना है, “मैं नाम नहीं लेना चाहती, लेकिन मुझे लगा कि वहां फिर वही भोजपुरी को लेकर बनी धारणाएं दोहराई जाएंगी। मैं उस तरह की छवि का हिस्सा नहीं बनना चाहती। चाहे कितने भी पैसे मिलें, मैंने मना कर दिया।”
अब हिंदी इंडस्ट्री को और एक्सप्लोर करना चाहती हैं
Patna की रहने वाली अक्षरा सिंह ने कहा कि उन्हें अपनी मिट्टी और भोजपुरी पहचान पर गर्व है, लेकिन अब वह हिंदी इंडस्ट्री में भी खुद को और आगे ले जाना चाहती हैं।
उन्होंने कहा, “मेरा नाम भोजपुरी इंडस्ट्री से बना है और यह हमेशा मेरे लिए खास रहेगा। लेकिन अब हिंदी में भी बहुत कुछ करना चाहती हूं। मैंने यहां तक पहुंचने के लिए बहुत मेहनत की है। आगे हिंदी में कुछ खास आने वाला है, लेकिन अभी उसके बारे में ज्यादा नहीं बता सकती।”






