नई दिल्ली, 15 मई। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने केंद्र सरकार की स्वीकृति के बाद नीट (यूजी) 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित करने की घोषणा की है। बता दें कि 3 मई को देश भर में NEET-UG की परीक्षा हुई थी। बाद में पेपर लीक के चलते परीक्षा को रद्द कर दिया गया था। इस परीक्षा में 22 लाख बच्चे बैठे थे, ऐसे में अब सभी अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा देनी होगी। एनटीए ने अभ्यर्थियों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है, जिससे अभ्यर्थी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
एनटीए ने जारी की आधिकारिक जानकारी
एनटीए ने सोशल मीडिया के माध्यम से परीक्षार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल एजेंसी के आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
हेल्पलाइन नंबर और ई-मेल जारी
एजेंसी ने किसी भी प्रकार की जानकारी और सहायता के लिए ई-मेल आईडी [email protected] जारी की है। इसके साथ ही हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 011-69227700 भी उपलब्ध कराए गए हैं।
शिक्षा मंत्री के आवास पर हुई उच्च स्तरीय बैठक
इसी बीच बुधवार देर रात शिक्षा मंत्री के आवास पर नीट परीक्षा को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सचिव (उच्च शिक्षा), सचिव (स्कूल शिक्षा), एनटीए के महानिदेशक, सीबीएसई अध्यक्ष, केंद्रीय विद्यालय संगठन और नवोदय विद्यालय समिति के आयुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में तय हुई परीक्षा की तिथि
सूत्रों के अनुसार, इसी बैठक में आगामी नीट परीक्षा की तिथि को अंतिम रूप दिया गया, जिसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की गई।






