बिजली-पानी संकट पर भाजपा का हल्ला बोल, उपायुक्त कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन, सिर पर मटका- सरकार पर हमला

Share

पूर्वी सिंहभूम, 07 मईभारतीय जनता पार्टी ने भीषण गर्मी, लगातार बिजली कटौती और गहराते जल संकट को लेकर गुरुवार को जमशेदपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित पार्टी कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

सिर पर मटका, सरकार पर हमला

प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ता सिर पर पानी से भरे मटके और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पोस्टर लेकर सड़कों पर उतरे।
“बिजली दो, पानी दो”, “जनता त्रस्त, सरकार मस्त” और “हेमंत सरकार जवाब दो” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

रघुवर दास ने साधा निशाना

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में जनता बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है, लेकिन सरकार केवल घोषणाओं और विज्ञापनों में व्यस्त है।

उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहती है, जिससे आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। साथ ही पेयजल संकट ने हालात और खराब कर दिए हैं।

“औद्योगिक शहर में भी मूलभूत सुविधाओं का संकट”

रघुवर दास ने कहा कि जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में यदि लोगों को नियमित बिजली और पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है, तो यह सरकार की बड़ी विफलता है। उन्होंने चेतावनी दी कि हालात नहीं सुधरे तो भाजपा राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।

पूर्णिमा साहू ने उठाए सवाल

पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि भाजपा जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के कई मोहल्लों में लोग रातभर बिजली कटौती से परेशान हैं, जबकि पानी के लिए सुबह से कतार लगानी पड़ रही है।

प्रशासन अलर्ट मोड में

प्रदर्शन के दौरान उपायुक्त कार्यालय परिसर के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे और अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।

भाजपा की प्रमुख मांगें

भाजपा नेताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि:

  • शहर और ग्रामीण इलाकों में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए,
  • पेयजल संकट दूर करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए,
  • और खराब ट्रांसफार्मरों को जल्द बदला जाए।

इस प्रदर्शन में संजीव सिन्हा, सुधांशु ओझा, सुबोध झा और प्रेम झा समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930