रांची | 13 अप्रैल
झारखंड की राजधानी रांची के बुंडू थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। माझी टोला स्थित पगला बाबा मैदान में पेड़ से लटकता युवक और युवती का शव बरामद किया गया है।
स्थानीय लोगों ने दी सूचना
सुबह के समय स्थानीय लोगों ने पेड़ पर दोनों के शव लटकते देखे, जिसके बाद तुरंत बुंडू थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतारकर जांच शुरू की।
दोनों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान आरती कुमारी (17) और अर्जुन पाहन (25) के रूप में हुई है। आरती बुंडू के निउरी गांव की रहने वाली थी और उसकी शादी तय हो चुकी थी। जानकारी के अनुसार, जल्द ही लड़का पक्ष उसे देखने आने वाला था।
रिश्ते में जीजा-साली
पुलिस के अनुसार, युवक अर्जुन पाहन मृतका का जीजा था। दोनों के बीच संबंधों को लेकर भी कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं।
प्रथम दृष्टया खुदकुशी का मामला
बुंडू थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।






