चारधाम यात्रा 2026 के लिए रिकॉर्ड पंजीकरण, 14.5 लाख का आंकड़ा पार, केदारनाथ धाम सबसे आगे

Share

देहरादून, 11 अप्रैल। उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा-2026 को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए अब तक 14,54,897 से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं, जिनमें सबसे अधिक पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए हुए हैं।

केदारनाथ धाम के लिए सबसे ज्यादा पंजीकरण

पर्यटन विभाग के अनुसार, शुक्रवार शाम पांच बजे तक केदारनाथ धाम के लिए 4,95,173 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। इसके बाद बद्रीनाथ धाम के लिए 4,29,416, गंगोत्री धाम के लिए 2,62,485 और यमुनोत्री धाम के लिए 2,55,609 पंजीकरण दर्ज किए गए हैं। वहीं हेमकुंड साहिब के लिए अब तक 12,214 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है।

ऑफलाइन पंजीकरण 17 अप्रैल से

राज्य के विभिन्न ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र—हरिद्वार, ऋषिकेश, नयागांव, हर्बर्टपुर और ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप—पर अभी कोई नया पंजीकरण दर्ज नहीं हुआ है। जानकारी के अनुसार, ऑफलाइन पंजीकरण 17 अप्रैल से शुरू होगा, जबकि ऑनलाइन पंजीकरण 6 मार्च से लगातार जारी है।

कब खुलेंगे धामों के कपाट

यात्रा कार्यक्रम के तहत गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खोले जाएंगे। इसके बाद केदारनाथ धाम 22 अप्रैल को और बद्रीनाथ धाम 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे।

तैयारियों में जुटी सरकार

राज्य सरकार और पर्यटन विभाग यात्रा को सुचारु, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए व्यापक तैयारियों में जुटे हुए हैं। यात्रा मार्गों, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा व्यवस्था और पंजीकरण प्रणाली को मजबूत किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

ऐसे कराएं पंजीकरण

श्रद्धालु आधिकारिक वेबसाइट, “टूरिस्ट केयर उत्तराखंड” मोबाइल एप और हेल्पलाइन नंबर 1364 व 0135-3520100 के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा आईआरसीटीसी की अधिकृत वेबसाइट के जरिए केदारनाथ और हेमकुंड साहिब के लिए हेली सेवा टिकट की बुकिंग भी की जा रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31