नई दिल्ली। नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड में देशवासियों से ऊर्जा संकट को लेकर अफवाहों से दूर रहने और एकजुट रहने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक संघर्षों के कारण पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। ऐसे समय में लोगों को घबराने के बजाय केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करना चाहिए।
वैश्विक संकट का असर
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पश्चिम एशिया और खाड़ी देशों में जारी संघर्ष का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दुनिया की ऊर्जा आवश्यकताएं काफी हद तक इस क्षेत्र पर निर्भर हैं, जिसके कारण मौजूदा हालात का असर वैश्विक स्तर पर देखने को मिल रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि भारत अपने मजबूत अंतरराष्ट्रीय संबंधों के जरिए इस स्थिति से निपटने का प्रयास कर रहा है।
भारतीयों की सुरक्षा पर आभार
पीएम मोदी ने खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों की सहायता के लिए मिले सहयोग पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संकट के समय भारत और अन्य देशों के बीच सहयोग बेहद महत्वपूर्ण होता है।
राजनीति से दूर रहने की सलाह
प्रधानमंत्री ने इस मुद्दे पर राजनीति करने से बचने की सलाह देते हुए कहा कि यह 140 करोड़ देशवासियों से जुड़ा विषय है और इसमें स्वार्थ की कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने अफवाह फैलाने वालों को देश के लिए हानिकारक बताते हुए नागरिकों से अपील की कि वे केवल सरकारी स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें।





