15 अगस्त की रात धमाके से दहला बेतिया का बेलबाग चौक, मोमो ठेले के पास जोरदार ब्लास्ट; CCTV में कैद हुए तीन नकाबपोश संदिग्ध

Share

बेतिया, 16 अगस्त। बिहार के बेतिया शहर के बेलबाग चौक पर शनिवार रात मोमो के ठेले के पास अचानक तेज धमाका होने से कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मुफस्सिल थानाध्यक्ष सम्राट सिंह, अपर थानाध्यक्ष कंचन भास्कर और नगर थानाध्यक्ष धीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।

एफएसएल टीम ने जुटाए नमूने

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से मिले अवशेषों की जांच कर आवश्यक नमूने एकत्र किए। धमाके के कारण मोमो के ठेले के पास रखा डस्टबिन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

एक मिष्ठान प्रतिष्ठान के संचालक ने पुलिस को बताया कि वह दुकान के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। बाहर आने पर आसपास धुआं फैला हुआ था और लोग घटनास्थल की ओर दौड़ रहे थे।

स्कूटी से पहुंचे थे तीन संदिग्ध

पुलिस की प्रारंभिक जांच में तीन संदिग्ध युवकों के स्कूटी से घटनास्थल के पास पहुंचने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि युवकों ने सड़क के पश्चिमी छोर पर स्कूटी खड़ी की थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है।

हालांकि, प्रारंभिक जांच में किसी बड़े विस्फोटक के बजाय तेज आवाज वाले चाइनीज पटाखे के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है।

बेतिया सदर एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम ने मौके से मिले अवशेषों की जांच की है। प्रथम दृष्टया ये अवशेष चाइनीज पटाखे के प्रतीत हो रहे हैं और संभवतः इसी के कारण तेज आवाज हुई। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

घटना के बाद बेलबाग चौक और आसपास के इलाकों में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031