–अब तक नौ आरोपित गिरफ्त में; फरार आरोपितों की तलाश जारी
जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले की जांच कर रही विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) ने डीडी बार के मैनेजर विजय महानंद समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक विधि-विरुद्ध नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। इन गिरफ्तारियों के साथ इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
एसएसपी ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी
मंगलवार को एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में डीडी बार का मैनेजर विजय महानंद (42), लखिन्द्र लोहार (20) और गम्हरिया थाना क्षेत्र के धतकीडीह निवासी जगदीश मंडल उर्फ रोहन उर्फ मुर्गा (24) शामिल हैं। मामले में शामिल एक नाबालिग को भी नियमानुसार निरुद्ध किया गया है।
मुख्य आरोपितों को फरार कराने में निभाई भूमिका
पुलिस जांच में सामने आया है कि जगदीश मंडल ने घटना के बाद मुख्य आरोपितों को फरार होने, छिपने के लिए वाहन उपलब्ध कराने और हत्या में प्रयुक्त हथियारों को ठिकाने लगाने में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं, जांच के दौरान विजय महानंद की संलिप्तता की पुष्टि होने पर उसे बिरसानगर स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी में मिले हत्या के हथियार
एसआईटी ने गिरफ्तार आरोपित लखिन्द्र लोहार और निरुद्ध नाबालिग की निशानदेही पर धतकीडीह स्थित ठिकाने पर छापेमारी की। इस दौरान हत्या में इस्तेमाल किए गए कई घातक हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए।
बरामद सामान में एक लोहे का चापड़, एक कुल्हाड़ी, एक भुजाली, एक बड़ा लोहे का चाकू, आठ लोहे के पंच, एक स्टील की गुप्ती, हीरो कंपनी की बाइक (JH-05EH-7980) तथा पांच मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि इन हथियारों का इस्तेमाल वारदात को अंजाम देने में किया गया था।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 की रात डीडी बार के अंदर हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह का विश्वनाथ लोहरा उर्फ बोदरा और उसके साथियों से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर बार के बाउंसरों ने दोनों पक्षों को बाहर निकाल दिया। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और हिमांशु सिंह तथा उसके साथी को सुरक्षा के लिए पुलिस वाहन में बैठा लिया।
आरोप है कि इसके बावजूद हमलावरों ने दोनों को पुलिस वाहन से उतारकर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में बिष्टुपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर एसआईटी जांच कर रही है।
फरार आरोपितों की तलाश जारी
एसएसपी ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।






