स्वस्थ रांची की ओर बड़ा कदम, हर वार्ड में बनेगा ओपन जिम, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने किया प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण

Share

रांची, 15 जुलाई। राजधानी रांची में स्वास्थ्य और फिटनेस सुविधाओं के विस्तार की दिशा में पहल करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ और महापौर रोशनी खलखो ने बुधवार को एयरपोर्ट कॉलोनी में प्रस्तावित ओपन जिम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उपमहापौर नीरज कुमार भी मौजूद रहे।

हर वार्ड में ओपन जिम स्थापित करने की तैयारी

यह निरीक्षण रांची नगर निगम की उस महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है, जिसके तहत शहर के प्रत्येक वार्ड में ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि नगर निगम परिषद की बैठक में संजय सेठ ने हर वार्ड में ओपन जिम बनाने की घोषणा की थी, ताकि युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को अपने ही क्षेत्र में निःशुल्क व्यायाम और फिटनेस की आधुनिक सुविधा मिल सके।

स्वस्थ नागरिक ही विकसित राष्ट्र की पूंजी : संजय सेठ

निरीक्षण के दौरान संजय सेठ ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में ओपन जिम बनने से लोगों में नियमित व्यायाम की आदत विकसित होगी, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए।

बेहतर जीवनशैली के लिए प्रतिबद्ध है नगर निगम : महापौर

महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि रांची नगर निगम केवल मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरवासियों को बेहतर जीवनशैली देने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में ओपन जिम बनने से लोगों को अपने घर के पास ही स्वास्थ्यवर्धक वातावरण मिलेगा और “स्वस्थ रांची, सशक्त रांची” के संकल्प को नई गति मिलेगी।

महापौर ने इसे शहर के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को लाभ मिलेगा तथा वार्ड स्तर पर फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

आधारभूत सुविधाओं का भी किया गया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित स्थल पर उपलब्ध भूमि, पहुंच मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति और अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। साथ ही निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई।

नगर निगम के अनुसार, इस योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, ताकि आने वाले समय में रांची का प्रत्येक वार्ड आधुनिक ओपन जिम सुविधा से सुसज्जित हो सके।

इस अवसर पर रांची नगर निगम के संबंधित अधिकारी और अभियंता भी उपस्थित रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031