मुख्यमंत्री ने की सड़क निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक, देरी और लापरवाही पर लगाई फटकार

Share

रांची, 15 जुलाई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में पथ निर्माण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सड़क, फ्लाईओवर, ओवरब्रिज और पुल-पुलिया निर्माण कार्यों में हो रही देरी और लापरवाही पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

निर्माणाधीन और पूर्ण परियोजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में विभागीय अधिकारियों ने पिछले पांच वर्षों में पथ निर्माण विभाग की ओर से संचालित योजनाओं, निर्माणाधीन और पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं की विस्तृत प्रस्तुति दी। इसमें सड़क, फ्लाईओवर, ओवरब्रिज और पुल-पुलिया परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति और लंबित कार्यों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी गई।

सभी परियोजनाओं की जियो-टैगिंग के निर्देश

प्रस्तुति का अवलोकन करने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं का अद्यतन और सुव्यवस्थित डेटाबेस तैयार करने तथा प्रत्येक योजना की जियो-टैगिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि हर परियोजना की लागत, प्रगति, समय-सीमा और वर्तमान स्थिति का स्पष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध होना चाहिए, ताकि कार्यों की प्रभावी निगरानी और समय पर समीक्षा की जा सके। जियो-टैगिंग से पारदर्शिता बढ़ेगी, निगरानी प्रणाली मजबूत होगी और जवाबदेही तय करने में आसानी होगी।

सड़क संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें सोशल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से सड़कों की खराब स्थिति, गड्ढों, जलजमाव और निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की लगातार शिकायतें मिल रही हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाए और उनके निष्पादन का पूरा रिकॉर्ड भी संधारित किया जाए।

बारिश में सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षा ऋतु में खराब सड़कें दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं। इसलिए गड्ढों की तत्काल मरम्मत, प्रभावी जल निकासी व्यवस्था और सड़कों की गुणवत्ता में सुधार को प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने जहां आवश्यकता हो वहां संकीर्ण सड़कों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कर यातायात को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने के भी निर्देश दिए।

लंबित परियोजनाएं जल्द पूरी करने के निर्देश

निर्माणाधीन परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की कई सड़क, फ्लाईओवर और पुल-पुलिया परियोजनाएं वर्षों से लंबित हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है।

उन्होंने राजधानी रांची सहित राज्य की सभी महत्वपूर्ण लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।

दो माह में प्रमुख परियोजनाएं पूरी करने की चेतावनी

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कुछ प्रमुख परियोजनाओं को अगले दो माह के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

गुणवत्ता और नई परियोजनाओं की भी समीक्षा

बैठक में मुख्यमंत्री ने सोलर साइकिल ट्रैक सहित अन्य नवीन परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, मजबूती और समयबद्धता सुनिश्चित करने, पुल-पुलियों के किनारों को मजबूत बनाने तथा समुचित जल निकासी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख प्रवीण जयंत भेंगरा सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31