धनबाद, 08 सितंबर । जोगता थाना क्षेत्र के सिजुआ 10 नंबर में मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे अचानक हुए भीषण भूधसान से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भूधसान की चपेट में आने से कई घर जमींदोज हो गए, जबकि आसपास की जमीन पर गहरी दरारें पड़ गईं। हादसे में दो बच्चों समेत करीब आधा दर्जन महिलाएं घायल हो गईं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान एक मासूम की मौत हो गई।
तेज आवाज के साथ धंसी जमीन
बताया जाता है कि मंगलवार सुबह जब अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे, तभी अचानक तेज आवाज के साथ जमीन का एक बड़ा हिस्सा धंस गया। अचानक हुए भूधसान से लोगों में दहशत फैल गई। देखते ही देखते कई घर इसकी चपेट में आकर जमीन में समा गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा मलबे में फंसे और घायल लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
बीसीसीएल और प्रशासन के खिलाफ लोगों में आक्रोश
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने बीसीसीएल और जिला प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए प्रभावित परिवारों के तत्काल पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग की।
लोगों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से कोयला खनन और भूमिगत गतिविधियों के कारण जमीन कमजोर हो चुकी है। इसके बावजूद खतरे वाले क्षेत्रों में रह रहे लोगों के सुरक्षित पुनर्वास की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
विधायक शत्रुघ्न महतो ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलने के बाद बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। विधायक ने भूधसान की घटना के लिए राज्य सरकार और बीसीसीएल को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि खतरे वाले इलाकों में रह रहे लोगों की सुरक्षा और पुनर्वास को लेकर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है।
एक बच्चे की मौत, कई घायल
स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक जमीन धंसने से कई घर इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक बच्चे की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। प्रभावित परिवारों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन तथा बीसीसीएल से तत्काल सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास और उचित मुआवजा देने की मांग की है।
कतरास-सिजुआ मुख्य मार्ग जाम
घटना के विरोध में आक्रोशित लोगों ने कतरास-सिजुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा। स्थानीय लोग स्थायी पुनर्वास और सुरक्षा की मांग पर अड़े रहे।
भूधसान की घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी चिंता है कि जमीन में पड़ी गहरी दरारों के कारण आगे भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।






