सुपौल: जिला स्तरीय नियोजन मेला में उमड़ी युवाओं की भीड़, 624 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट

Share

सुपौल। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, निदेशालय नियोजन एवं प्रशिक्षण, बिहार पटना के तत्वावधान में गुरुवार को जिला नियोजनालय द्वारा संयुक्त श्रम भवन परिसर में द्वितीय चरण के तहत एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी सावन कुमार, मुख्य पार्षद राघवेन्द्र झा सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि बिहार सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिसका उदाहरण इस तरह के नियोजन मेले हैं। उन्होंने युवाओं को आधुनिक तकनीक, विशेषकर एआई और मशीन लर्निंग से जुड़ी कौशल सीखने पर भी बल दिया।

जिला नियोजन पदाधिकारी अंकिता ने बताया कि एनसीएस पोर्टल पर निबंधित अभ्यर्थियों को बिहार सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। स्टडी किट योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जबकि टूल किट योजना के तहत स्वरोजगार के लिए सहायता दी जाती है। साथ ही नियमित जॉब कैंप और निःशक्तजनों के लिए विशेष नियोजन कार्यक्रम भी संचालित हैं। मॉडल करियर सेंटर के माध्यम से छात्रों के लिए साप्ताहिक टेस्ट का आयोजन भी किया जाता है।

मेले में 20 नियोजकों ने भाग लिया। कुल 1285 अभ्यर्थियों से बायोडाटा प्राप्त हुए, जिनमें से 624 को शॉर्टलिस्ट किया गया। वहीं 15 अभ्यर्थियों को मौके पर ही औपबंधिक नियुक्ति पत्र दिया गया। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 67 लाभार्थियों को स्टडी किट, 11 को स्वरोजगार हेतु टूल किट और केवाईपी प्रशिक्षण प्राप्त 50 अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

इसके अलावा चार सरकारी विभागों — आरसेटीआई, जिला उद्योग केंद्र, जिला कल्याण विभाग और श्रम अधीक्षक कार्यालय — ने 232 अभ्यर्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला नियोजनालय के कई अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031