सीवान, 16 जून। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को सीवान जिले के पचरुखी प्रखंड स्थित पपौर पंचायत में आयोजित ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ सहयोग शिविर में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने जिले को 415.18 करोड़ रुपये की 44 विकास योजनाओं की सौगात दी और अधिकारियों को जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सख्त निर्देश दिए।
30 दिन में आवेदन का निपटारा अनिवार्य
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के आवेदन का 30 दिनों के भीतर निपटारा नहीं करने वाले कर्मी और पदाधिकारी 31वें दिन स्वतः निलंबित माने जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर व्यवस्था देश में अपनी तरह की अनूठी पहल है। राज्यभर में अब तक तीन लाख तीन हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से लगभग 90 प्रतिशत मामलों का निष्पादन किया जा चुका है।
अपराधियों के लिए बिहार में नहीं होगी जगह
विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार का सख्त रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि अपराधी किसी भी जाति या धर्म का हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, “अपराधी को या तो बिहार छोड़ना पड़ेगा या फिर जेल जाना पड़ेगा। अपराध के लिए अब राज्य में कोई जगह नहीं बची है।”
हर प्रखंड में खुलेगा डिग्री कॉलेज और मॉडल स्कूल
शिक्षा क्षेत्र में बड़े बदलाव की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं हैं, वहां जुलाई से कॉलेज शुरू किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रखंड में आधुनिक मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे, जहां छात्रों को नीट, जेईई और आईआईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।

25 लाख गरीब परिवारों को मिलेगा मुफ्त सोलर संयंत्र
ऊर्जा क्षेत्र की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले दो वर्षों में 25 लाख गरीब एवं बीपीएल परिवारों के घरों पर मुफ्त सोलर संयंत्र लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इससे लोगों को बिजली की सुविधा मिलने के साथ-साथ अतिरिक्त बिजली उत्पादन से आर्थिक लाभ भी प्राप्त होगा।
जिला अस्पतालों में मिलेगा बेहतर इलाज
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 अगस्त के बाद सामान्य मरीजों को जिला अस्पतालों से रेफर नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
सीवान में चीनी मिल स्थापना की संभावना
सीवान में चीनी मिल स्थापित करने की मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और जिला प्रशासन को भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चीनी उद्योग, डेयरी, मत्स्य पालन और सहकारिता क्षेत्रों को बढ़ावा देकर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करेगी।
2030 तक एक करोड़ रोजगार का लक्ष्य
अपने संबोधन के अंत में सम्राट चौधरी ने कहा कि “बिहार समृद्ध होगा तभी भारत विकसित होगा।” उन्होंने वर्ष 2030 तक एक करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में रहे मौजूद
इस अवसर पर महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, सीवान सांसद विजयलक्ष्मी, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, विधायक देवेश कांत सिंह, विधायक हेमनारायण साह, करनजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, इंद्रदेव सिंह पटेल, विष्णु देव पासवान, भीष्म प्रताप सिंह, पूर्व सांसद ओम प्रकाश यादव, कविता सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष राहुल तिवारी, जदयू अध्यक्ष विकास कुमार सिंह, रंजीत प्रसाद, संजय पांडे सहित एनडीए के कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






