सीजेपी की ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा के मद्देनजर दिल्ली में कड़ी सुरक्षा, 21 प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन की तैयारी

Share

—कनॉट प्लेस और आसपास 11 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात, यात्रा को दिल्ली पुलिस से अनुमति नहीं; सेंट्रल पार्क दो दिन बंद रखने का फैसला

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से शुक्रवार को प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यातायात पुलिस ने 21 प्रमुख मार्गों पर जरूरत के मुताबिक यातायात डायवर्जन की योजना तैयार की है। कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में 11 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रस्तावित यात्रा को अनुमति नहीं दी गई है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू है। इसके तहत बिना अनुमति प्रदर्शन, मार्च निकालने और भीड़ जुटाने पर प्रतिबंध है। पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन करने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में भीड़ एकत्र करने से बचने की अपील की है।

कनॉट प्लेस और संसद मार्ग पर सुरक्षा बढ़ाई गई

कनॉट प्लेस, राजीव चौक, जंतर-मंतर, संसद मार्ग और पालिका बाजार सहित लुटियंस दिल्ली के प्रमुख इलाकों में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए तीन पालियों में 11 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।

इनमें दिल्ली पुलिस के छह हजार से अधिक जवानों के अलावा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की करीब 220 कंपनियां और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की टुकड़ियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त करीब पांच हजार पुलिसकर्मियों को रिजर्व में रखा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल तैनात किया जा सके।

कनॉट प्लेस और राजीव चौक के आसपास बैरिकेडिंग बढ़ा दी गई है। प्रमुख स्थानों पर दंगा नियंत्रण वाहनों सहित अन्य सुरक्षा वाहन तैनात किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिये निगरानी की जा रही है। पुलिसकर्मियों को भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

सेंट्रल पार्क दो दिन बंद रहेगा

सुरक्षा कारणों से कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को शुक्रवार और शनिवार तक आम लोगों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है। पार्क के आसपास बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस के अनुसार, नियमों का पालन करते हुए सीमित संख्या में लोगों को निर्धारित स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान की अनुमति दी जा सकती है। हालांकि, बिना अनुमति किसी भी तरह के प्रदर्शन या भीड़ जुटाने पर रोक रहेगी।

21 प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका

प्रस्तावित यात्रा को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने परामर्श जारी किया है। शुक्रवार दोपहर तीन बजे से कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित होने की आशंका है। जरूरत पड़ने पर करीब 21 प्रमुख मार्गों पर यातायात का मार्ग बदला जा सकता है।

इनमें संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, बाराखंभा रोड, केजी मार्ग, अशोक रोड, मिंटो रोड और तिलक मार्ग प्रमुख हैं। इसके अलावा कनॉट प्लेस के साथ आईटीओ, मंडी हाउस, इंडिया गेट और डीडीयू मार्ग पर भी वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका जताई गई है।

यातायात पुलिस ने लोगों को अनावश्यक रूप से कनॉट प्लेस और नई दिल्ली के मध्यवर्ती इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी है। यात्रियों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और संभव हो तो मेट्रो से सफर करने की अपील की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संबंधी प्रतिबंध हालात के अनुरूप लागू रहेंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और एसआईआर रोकने की मांग

उल्लेखनीय है कि सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने गुरुवार को आम जनता से शुक्रवार शाम पांच बजे प्रस्तावित तिरंगा यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया था। सीजेपी के साथ वामपंथी दलों, विपक्षी पार्टियों और छात्र संगठनों के इस विरोध प्रदर्शन का उद्देश्य मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग उठाना बताया गया है।

दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यात्रा को अनुमति नहीं दी गई है। ऐसे में नई दिल्ली क्षेत्र में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने लोगों से निर्देशों का पालन करने और शांति बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031